Australia vs England, 5th Test Day-1 ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025-26 का आखिरी मैच शुरू हो गया है. दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर उतरी है, लेकिन खराब मौसम के कारण पहले दिन सिर्फ 45 ओवर का खेल ही हो सका. इंग्लैंड ने मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था.
पहले दिन के खेल में इंग्लैंड की टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए 3 विकेट पर 211 रन बना लिए हैं. टीम के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और हैरी ब्रूक क्रीज पर खड़े हैं. पहले दिन का खेल रुकने तक जो रूट 103 गेंद में 8 चौके की मदद से 72 रन बनाकर खेल रहे थे. वहीं हैरी ब्रूक 92 गेंद का सामना करते हुए 6 चौके और 1 चौके की मदद से 78 रन बना लिए हैं. इस तरह शुरुआती विकेट के बाद रूट और ब्रूक ने मिलकर इंग्लैंड की पारी को अच्छे से संभाल लिया.
जो रूट ने जड़ा 67वां अर्धशतक
टेस्ट क्रिकेट में जो रूट ने करियर का 67वां अर्धशतक लगाया. इसके साथ ही वह अब वह सचिन तेंदुलकर के 68 फिफ्टी से बस एक कदम दूर हैं. वहीं जो रूट के लिए इस सीरीज में यह दूसरा अर्धशतक था. ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि खेल के दूसरे दिन वह ना सिर्फ अपना शतक पूरा करें बल्कि एक पारी खेलकर इंग्लैंड के लिए मजबूत स्कोर बनाए, जिससे मेजबान ऑस्ट्रेलिया को उनके गेंदबाज कड़ी टक्कर दे सके. वहीं हैरी ब्रूक का भी उन्हें अच्छा साथ मिल रहा है.
पहले दिन प्रभावी नहीं रहे ऑस्ट्रेलियाई पेसर
इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कुछ खास प्रभावी नहीं रहे हैं. टीम के लिए मिचेल स्टार्क, माइकल नेसर और स्कॉट बोलेंड ने एक-एक विकेट निकाले, लेकिन इसके लिए तीनों ही गेंदबाजों ने रन भी लुटाए. बता दें कि सिडनी में पिच से स्पिन गेंदबाजों को हमेशा से मिलती रही है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने बिना स्पिनर के अपनी टीम को मैदान पर उतारा है. 137 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब ऑस्ट्रेलियाई टीम सिडनी में बिना स्पिनर के मैदान पर उतरी है.
बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग
वहीं इस मुकाबले में इंग्लैंड कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन एक बार फिर टॉप ऑर्डर बल्लेबाज बेन डकेट और जैक क्राउली ने निराश किया. बेन डकेट 24 गेंद में 27 रनों की पारी खेलकर आउट हुए. वहीं जैक क्राउली ने 29 गेंद में 16 रन बनाए. जैकब बेथल 23 गेंद में 10 रन ही बना सके. हालांकि, हैरी ब्रूक और जो रूट ने पारी को संभाल लिया.
एशेज जीत चुकी है ऑस्ट्रेलिया
एशेज सीरीज 2025-26 की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने इसे रिटेन कर लिया है. ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के पहले तीन मैच में जबरदस्त खेल दिखाते हुए अजेय बढ़त हासिल कर ली थी. हालांकि, मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने अच्छी वापसी कर पहली जीत हासिल की और अपनी प्रतिष्ठा को बचा लिया. वहीं अब उसकी नजर सिडनी में खेले जाने वाले आखिरी टेस्ट मैच पर टिकी हुई है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.