Bangladesh cricket financial loss: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा उलटफेर हुआ है. सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत आने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है. बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड मैदान में उतरेगा. इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट को करोड़ों का भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है.
विवाद की जड़ बांग्लादेश का वह फैसला था जिसमें उन्होंने भारत में अपने मैच खेलने पर आपत्ति जताई थी. बांग्लादेश सरकार और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का तर्क था कि भारत में उनके खिलाड़ियों और समर्थकों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है. उन्होंने आईसीसी से अपने मैचों को श्रीलंका (सह-मेजबान) शिफ्ट करने की मांग की थी. हालांकि, आईसीसी ने स्वतंत्र सुरक्षा समीक्षा के बाद इस मांग को खारिज कर दिया और बांग्लादेश को भारत आने के लिए अंतिम चेतावनी दी थी. डेडलाइन खत्म होने तक कोई सकारात्मक जवाब न मिलने पर, आईसीसी ने रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में शामिल करने का फैसला किया.

बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर 240 करोड़ का हुआ नुकसान.
बांग्लादेश को होने वाला भारी आर्थिक नुकसान
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच से बाहर होना न केवल खेल के लिहाज से बल्कि आर्थिक रूप से भी बांग्लादेश के लिए एक ‘तबाही’ की तरह है. विशेषज्ञों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आईसीसी रेवेन्यू शेयर में कटौती होगी. बीसीबी को आईसीसी के वार्षिक रेवेन्यू शेयर (लगभग 4.46%) के रूप में मिलने वाले करीब $27 मिलियन (लगभग 240 करोड़ रुपये) का सीधा नुकसान हो होगा. ब्रॉडकास्टिंग और स्पॉन्सरशिप के तहत बांग्लादेशी ब्रॉडकास्टर ‘T Sports’ और अन्य विज्ञापन कंपनियों को करीब 300-400 करोड़ रुपये का घाटा होने का अनुमान है, क्योंकि बांग्लादेश के मैचों के बिना व्यूअरशिप में भारी गिरावट आएगी.

खिलाड़ियों के करियर पर असर
मुस्तफिजुर रहमान, लिटन दास और शाकिब अल हसन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ा व्यक्तिगत झटका है. वर्ल्ड कप में न खेल पाने का मतलब है वैश्विक मंच पर अपनी ब्रांड वैल्यू और रैंकिंग में गिरावट. हालांकि बांग्लादेश सरकार ने खिलाड़ियों के मैच फीस के नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है, लेकिन एक पेशेवर खिलाड़ी के लिए वर्ल्ड कप खेलने का गौरव पैसों से कहीं बढ़कर होता है.
जुर्माना और भविष्य का खतरा
नियमों के उल्लंघन के कारण बीसीबी पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है. साथ ही, भारत जैसे बड़े क्रिकेट बोर्ड के साथ द्विपक्षीय संबंधों में खटास आने से भविष्य की सीरीज पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.