9 legendary batsmen who got duck in this career last match: क्रिकेट में कई ऐसे दिग्गज बल्लेबाज हुए, जिन्होंने डेब्यू मैच ही नहीं, बल्कि अपने आखिरी मैच में भी धमाकेदार प्रदर्शन से तहलका मचाया. हालांकि, कुछ ऐसे भी नाम हैं, जिनका करियर तो शानदार रहा, लेकिन अंतिम मैच में अपने प्रदर्शन के चलते मायूसी हाथ लगी. आज हम इस स्टोरी में आपको उन 9 दिग्गज बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपने आखिरी मैच में खाता तक नहीं खोल सके. इस लिस्ट में भारत के भी कई नामी क्रिकेटर्स हैं.
आप जानकार हैरान हो सकते हैं कि सर्वकालिक महान बल्लेबाज कहे जाने वाले डॉन ब्रैडमैन अपने आखिरी मैच में खाता नहीं खोल सके थे. अपनी आखिरी टेस्ट इनिंग्स में वह सिल्वर डक पर आउट हो गए. एरिक हॉलीज की गुगली गेंद पर ब्रैडमैन बोल्ड हो गए थे. इस महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 80 इनिंग्स में 99.94 के रिकॉर्ड औसत के साथ 6996 रन बनाए.

दिग्गज भारतीय बल्लेबाज वीनू मांकड़ के साथ भी ऐसा ही हुआ. टेस्ट की पहली और दूसरी पारी में क्रमशः 21 रन बनाने और 55 ओवर बॉलिंग करके 167 रन देने के बाद वीनू मांकड़ अपने करियर की आखिरी इनिंग में बिना रन बनाए आउट हो गए. मांकड़ ने 72 पारियों में 31.47 के एवरेज से 2109 रन बनाकर अपना टेस्ट करियर खत्म किया. उन्होंने भारत के लिए 44 टेस्ट मैच खेले.

पूर्व भारतीय कप्तान और बल्लेबाज सौरव गांगुली का आखिरी इंटरनेशनल मैच मिला-जुला रहा. टेस्ट फॉर्मेट में अपना आखिरी मैच खेलने वाले गांगुली ने पहली पारी में तो 85 रन बनाए, लेकिन दूसरी पारी में वह अपनी लय बनाए रखने में नाकाम रहे. गांगुली को दूसरी पारी में गोल्डन डक का शिकार होना पड़ा. हालांकि, भारत ने इस मुकाबले में 172 रन से जीत दर्ज की थी. गांगुली ने 188 टेस्ट पारियों में में 42.17 की औसत से 7212 रन बनाए. उन्होंने भारत के लिए 311 वनडे मैच भी खेले.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले एंड्रयू साइमंड्स ने टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट के रूप में अपना आखिरी मैच खेला, जिसमें पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे. उन्हें शाहिद अफरीदी की तेज गेंद ने बोल्ड किया था. साइमंड्स ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक रहे. भले ही 11 टी20 पारियों में उन्होंने 169.34 के स्ट्राइक रेट से 337 रन बनाए, लेकिन वनडे में उन्होंने 198 मैच खेले. इसके अलावा 14 टेस्ट मैच भी खेले.

वेस्टइंडीज के दिग्गज शिवनारायण चंदरपॉल की आखिरी इंटरनेशनल पारी इंग्लैंड के खिलाफ थी, जिसमें वे 9 गेंद खेलकर बिना रन बनाए आउट हो गए. जेम्स एंडरसन की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्टंप्स पर जा लगी. उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 280 पारियों में 11867 रन बनाए और उनका औसत 51.37 रहा. उन्होंने 268 वनडे और 22 टी20 मैच भी वेस्टइंडीज के लिए खेले.

इयान बेल इंटरनेशनल करियर के अपने आखिरी मैच (टेस्ट) में दूसरी पारी में 6 गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे. उन्हें शोएब मालिक की शानदार गेंद ने बोल्ड किया. हालांकि, पहली पारी में उन्होंने 158 गेंदों पर 40 रन बनाए थे. बेल ने अपने टेस्ट करियर में 205 पारियों में 7727 रन बनाए और उनका औसत 42.69 रहा. 161 वनडे मैच और आठ टी20 मैच भी बेल ने खेले.

टीम इंडिया के वर्तमान हेड कोच और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 2016 में अपना आखिरी मैच खेला. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच की दूसरी पारी में गौतम गंभीर बिना रन बनाए आउट हो गए. वे 6 गेंदों तक क्रीज पर टिके, लेकिन शॉर्ट गेंद को सेकेंड स्लिप में खड़े फील्डर के हाथों में खेल बैठे. गंभीर ने अपने टेस्ट करियर में 104 पारियों में 4154 रन बनाए और उनका औसत 41.95 रहा. उन्होंने भारत के लिए 147 वनडे और 37 टी20 मैच भी खेले.

इंग्लैंड को 2019 में अपनी कप्तानी में वर्ल्ड कप जिताने वाले इयोन मॉर्गन भी अपने आखिरी मैच (वनडे) में खाता नहीं खोले पाए. मॉर्गन 7 गेंदों पर बिना रन बनाए आउट हो गए. उन्होंने गलत शॉट खेला और कैच आउट हो गए. मॉर्गन इंग्लैंड के सबसे सफल वनडे कप्तान रहे. वह इंग्लैंड के लिए 248 वनडे, 16 टेस्ट और 115 टी20 मैच खेले.

पाकिस्तान के अजहर अली अपनी आखिरी इंटरनेशनल पारी में चौथी ही गेंद पर आउट हो गए थे, उन्हें जैक लीच ने बोल्ड किया. अजहर अली ने अपने टेस्ट करियर में 180 पारियों में 7142 रन बनाए और उनका औसत 42.26 रहा. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 53 वनडे मैच भी खेले.
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.