Unique Cricket Records: क्रिकेट इतिहास में जब भी अटूट रिकॉर्ड्स का जिक्र होता है तो सबसे पहले सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों की बात होती है. वैसे तो सचिन तेंदुलकर का यह रिकॉर्ड तोड़ना बेहद ही मुश्किल है, लेकिन नामुमकिन नहीं कहा जा सकता. लेकिन आज हम ऐसे 5 दुर्लभ रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका टूटना असंभव या फिर कहें कि चाहकर भी कोई इन्हें तोड़ नहीं सकता तो गलत नहीं होगा.
इंग्लैंड के जैक हॉब्स टेस्ट क्रिकेट के सबसे उम्रदराज शतकवीर हैं. उन्होंने 46 साल की उम्र में शतक बनाया था. यह एक ऐसी उपलब्धि है, जिसे आज के समय में हासिल करना नामुमकिन सा है. वो इसलिए क्योंकि 46 साल की उम्र में मौजूदा समय में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना बहुत ही मुश्किल है.

जैक हॉब्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1929 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 142 रन की पारी खेली थी. उन्होंने पहली पारी में यह रन बनाए थे. दूसरी पारी में भी हॉब्स का बल्ला चला और उन्होंने 65 रन बनाए. हालांकि, इंग्लिश टीम यह मुकाबला पांच विकेट से हार गई थी.

आज के समय में क्रिकेटर्स 18-20 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू कर लेते हैं और कुछ ही मैचों में शतक भी जड़ देते हैं, लेकिन क्या आपने सुना है 42 साल की उम्र में किसी ने टेस्ट में अपना पहला शतक बनाया हो. जी हां, ऐसा हुआ है. साउथ अफ्रीका के डेव नॉर्स ने 42 साल की उम्र में पहला टेस्ट शतक बनाया था. वह टेस्ट में पहली सेंचुरी बनाने वाले सबसे ज्यादा उम्र के क्रिकेटर हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

45 टेस्ट खेलने वाले साउथ अफ्रीका के डेव नॉर्स ने 42 की उम्र में अपना पहला टेस्ट शतक बनाया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1921 में जोहानिसबर्ग में 111 रन की पारी खेली थी.

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के विल्फ्रेड रोड्स के नाम है. उन्होंने 4204 विकेटों के साथ फर्स्ट क्लास करियर खत्म किया. बता दें कि दुनिया का कोई दूसरा गेंदबाज 4000 विकेट का आंकड़ा भी नहीं छू सका है.

विल्फ्रेड रोड्स ने इंग्लैंड के लिए 58 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 127 विकेट चटकाए. वह फर्स्ट क्लास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने 1110 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिनमें 39969 रन भी बनाए.

इंग्लैंड के जेम्स साउथर्टन इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 49 साल और 119 दिन की उम्र में टेस्ट मैच खेला था. दिलचस्प यह है कि यह पहला इंटरनेशनल मैच भी था. यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया था.

जेम्स साउथर्टन का इंटरनेशनल करियर सिर्फ दो ही टेस्ट मैचों का रहा, जिसमें उन्होंने 7 रन बनाए और इतने ही विकेट चटकाए. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जेम्स ने 286 मैच खेलते हुए 1682 विकेट लिए.

इंग्लैंड के विलियम जी ग्रेस सबसे ज्यादा उम्र में इंटरनेशनल मैच में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1899 में टेस्ट मैच में विलियम ने इंग्लैंड की कमान संभाली थी. उस समय उनकी उम्र 50 साल और 138 दिन की थी.

विलियम जी ग्रेस के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 22 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 1098 रन बनाए. फर्स्ट क्लास में उन्होंने 870 मैच खेले और 54211 रन बनाए. इसके अलावा 2809 विकेट भी उनके नाम हैं.
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.