Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप की हार को पीछे छोड़ते हुए अगले विश्व कप 2027 की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए हार्दिक पांड्या को एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं ने हार्दिक को स्पष्ट किया है कि 2027 वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें जरूरत पड़ने पर अपने कोटे के पूरे 10 ओवर डालने के लिए तैयार रहना होगा।
दक्षिण अफ्रीका की तेज पिचों के लिए पांड्या पर भरोसा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, BCCI सूत्रों का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका की तेज और बाउंसी पिचें हार्दिक की गेंदबाजी शैली के लिए मुफीद हैं। BCCI सूत्र के अनुसार, “हार्दिक वनडे टीम में संतुलन पैदा करते हैं। हालांकि कप्तान उनसे ज्यादातर मैचों में 6 या 7 ओवर ही करवाएंगे, लेकिन चयनकर्ताओं को यह भरोसा दिलाना होगा कि अगर टीम को जरूरत पड़ी, तो वे 10 ओवर का स्पैल डालने के लिए शारीरिक रूप से सक्षम हैं।”
वर्कलोड मैनेज करने के लिए बदला एक्शन
हार्दिक पांड्या ने इस चुनौती को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पिछले कुछ समय में अपना वर्कलोड बढ़ाया है और अपने बॉलिंग एक्शन पर भी बारीक काम किया है। अब उनका लक्ष्य अपनी पेस को कम किए बिना ‘इन-स्विंगर’ गेंदों पर पकड़ मजबूत करना होगा। पांड्या को भी भरोसा है कि उनकी बॉडी अब वनडे क्रिकेट की कठोरता और लंबे स्पैल डालने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बुमराह के साथ पांड्या होंगे एक्स-फैक्टर
टीम इंडिया ने पिछले कुछ सालों में टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन 2023 में घर में मिली फाइनल की हार अभी भी एक टीस की तरह है। 2027 में दक्षिण अफ्रीका की धरती पर भारत इस सूखे को खत्म करना चाहता है और हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर टीम के सबसे बड़े ‘मैच विनर’ साबित हो सकते हैं।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं हार्दिक पांड्या
बता दें, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अभी IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं। हालांकि आज के मैच में वह बीमार होने के कारण नहीं खेल सके। जिसके बाद MI की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की। हालांकि टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा।
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.