नई दिल्ली.टी20 विश्व कप 2026 की पहली फाइनलिस्ट का फैसला हो गया है. साउथ अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरी बार फाइनल में जगह पक्की की . अब भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल होगा. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज दोनों टीमों की टक्कर होने वाली है. भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हेड टू हेड की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की टीम का पलड़ा भारी है. अभी तक दोनों टीमें 29 मुकाबलों में टकरा चुकी हैं. इसमें भारत ने 17 में जीत हासिल की है तो इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं. आखिरी 5 मैचों में भारत ने 4 अपने नाम किए हैं. घरेलू मैदान पर हुए 16 मुकाबलों में टीम इंडिया का पलड़ा 10-6 से भारी है. भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप इतिहास में अभी तक 5 मैच हुए हैं. भारत को तीन जबकि इंग्लैंड को दो में जीत मिली है। 2007 में युवराज सिंह के 6 छक्कों की वजह से भारत को 18 रनों से जीत मिली थी तो 2009 में इंग्लैंड ने तीन रन से मैदान मार लिया था. 2012 में भारत 90 रनों से जीता. इसके बाद 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड 10 विकेट से विजेता बना था. 2024 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने पलटवार किया और जीत हासिल कर ली.
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.