IND vs NZ 3rd ODI | Image:
Social Media
लक्ष्य का पीछा करते भारत की लड़खड़ाती शुरुआत
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जल्दी पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद भारत मुश्किल स्थिति में फंस गया और रनचेज लगभग हाथ से निकलता दिखने लगा।
‘चेज मास्टर’ विराट कोहली की अकेली जंग
हालांकि, इस वक्त भी एक छोर से संकट मोचन विराट कोहली ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी के साथ 88 रन की अहम साझेदारी कर भारत को मैच में वापस लाने की कोशिश की। रेड्डी के 53 रन बनाकर आउट होने के बाद कोहली ने हर्षित राणा के साथ 99 रन जोड़कर उम्मीद जगाई। इस दौरान विराट कोहली ने अपने करियर का 85वां अंतरराष्ट्रीय और 54वां वनडे शतक पूरा किया।
लेकिन, आखिरी ओवरों में भारत को जीत के लिए लंबे हिट्स और तेजी से रन चाहिए थे। इसलिए, जैसे ही विराट कोहली लॉन्ग-ऑन पर कैच आउट हुए, भारत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने दबाव में शानदार संयम दिखाया और भारत को 296 रनों पर रोक दिया।
मिचेल और फिलिप्स की शतकीय पारियों से बना विशाल स्कोर
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी। महज 5 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई थी, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। मिचेल ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ते हुए 131 गेंदों में 137 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 88 गेंदों में 106 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों के बीच हुई 219 रनों की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को 50 ओवर में 337 रनों तक पहुंचा दिया।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट जरूर झटके, लेकिन मिचेल और फिलिप्स की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे भारतीय गेंदबाजों की मेहनत नाकाफी साबित हुई। बड़े स्कोर के सामने भारत पर दबाव साफ नजर आने लगा।
भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीतकर लौटा न्यूजीलैंड
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीतने का सपना पूरा कर लिया। इससे पहले सात दौरों में कीवी टीम यह कारनामा नहीं कर पाई थी। मिचेल और फिलिप्स की बल्लेबाजी, साथ ही निर्णायक पलों में गेंदबाजों की सूझबूझ ने इस ऐतिहासिक जीत की नींव रखी।
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.