India U-19 World Cup 2026 Champion: भारत ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल अपने नाम किया. इंग्लैंड को खिताबी मुकाबले में 100 रन से हराने में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का सबसे बड़ा रोल रहा, जिन्होंने महज 55 गेंद में सेंचुरी ठोकी और इस टूर्नामेंट में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए.
भारत ने जीता अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप
भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान
- मोहम्मद कैफ, साल 2000
- विराट कोहली, साल 2008
- उनमुक्त चंद, साल 2012
- पृथ्वी शॉ, साल 2018
- यश ढुल, साल 2022
- आयुष म्हात्रे, साल 2026
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की धुआंधार पारी खेली.
वैभव सूर्यवंशी 175 रन बनाकर रहे फाइनल के हीरो
पूरे वर्ल्ड कप भर वैभव सूर्यवंशी का बल्ला शांत ही रहा था. वह अपने टैलेंट के हिसाब से रन नहीं बना पा रहे थे, जो टीम और फैंस के लिए चिंता का सबब भी थी, लेकिन सेमीफाइनल में फिफ्टी ठोकने के बाद फाइनल में उन्हें अपनी जिम्मेदारी का अहसास हुआ और वैभव ने 15 चौके-15 छक्के की मदद से 80 गेंद में 175 रन कूट दिए. इस खब्बू विस्फोटक बैटर ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास की शायद सबसे प्रभावशाली पारी खेली. यह अंडर-19 विश्व कप फाइनल में किसी खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है. सेमीफाइनल में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ तेजतर्रार 68 रन बनाए थे. इस तरह वह 439 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे.
भारतीय अंडर-19 टीम
सूर्यवंशी ने तहस-नहस कर दी रिकॉर्ड बुक
वैभव सूर्यवंशी ने यह पारी तब खेली जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, उन्होंने सिर्फ 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसी अंदाज में खेलते हुए दूसरा अर्धशतक सिर्फ 23 गेंद में बना लिया. उनकी 175 रन की पारी में से 150 रन सिर्फ बाउंड्री से ही आए. सूर्यवंशी ने पूरे वर्ल्ड कप में कुल 22 छक्के लगा दिए और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2022 में 18 छक्कों का रिकॉर्ड बनाया था. अब उनके नाम यूथ वनडे पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है, उन्होंने दिसंबर में यूएई के खिलाफ अपने ही 14 छक्के के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन (71 गेंद में) बनाने का रिकॉर्ड भी है, उन्होंने टूर्नामेंट में पहले इसी मैदान पर इंग्लैंड के बेन मेस के रिकॉर्ड को बेहतर बनाया जिन्होंने 98 गेंद में 150 रन बनाए थे.
गेंदबाजी में किसने लिए कितने विकेट?
सूर्यवंशी के अलावा टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद में 53 रन बनाए. अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंद में 40 रन, वेदांत त्रिवेदी 36 गेंद में 32 रन, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंद में 30 रन और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद में नाबाद 37 रन की उपयोगी पारी खेली. 412 रन लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने आसानी से घुटने नहीं टेके. अंग्रेजों का स्कोर एक वक्त 20 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 171/3 था जो 22वां ओवर खत्म होते-होते 177/7 हो गया. मगर आठवां विकेट गिरने तक स्कोर 269 रन हो गया. इंग्लैंड के लिए फॉल्कनर ने 63 गेंद में शतक जड़ा. भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश ने लिए.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.