नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब अपने नाम किया है. इस ऐतिहासिक मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई. खिताबी जीत के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा है कि जिस तरह टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह उनके लिए बहुत मायने रखता है. अभिषेक शर्मा इस विश्व कप की शुरुआती तीन पारियों में खाता नहीं खोल सके थे. इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 15 रन और जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेली, लेकिन अगले दो मुकाबलों में अभिषेक 10 और 9 रन ही बना सके थे. हालांकि, खिताबी मुकाबले में इस 25 वर्षीय खिलाड़ी का बल्ला फिर से चला. अभिषेक ने 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन की पारी खेली. इस दौरान संजू सैमसन के साथ 7.1 ओवरों में 98 रन जोड़े. अभिषेक शर्मा ने गेंद से भी योगदान दिया. उन्होंने 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 5 रन देकर 1 विकेट निकाला. खिताबी जीत के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा,एक बात बिल्कुल स्पष्ट थी. मैं पहले भी यह बात साझा करना चाहता था, लेकिन आज इसके लिए सबसे अच्छा दिन है. कप्तान और कोच ने मुझ पर भरोसा जताया. यहां तक कि मैं खुद भी अपने ऊपर शक करने लगा था. मैंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था, यह मेरे लिए काफी मुश्किल टूर्नामेंट रहा.
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.