Vijay Hazare Trophy Round 6 Matches: विजय हजारे टॉफी के छठे राउंड में जीत के साथ ही दिल्ली, पंजाब और कर्नाटक की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. कर्नाटक के लिए मयंक अग्रवाल ने शतक ठोका और शानदार फॉर्म में चल रहे देवदत्त पडिक्कल ने 91 रन की पारी खेली. इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने पंजा खोला.
मयंक-प्रसिद्ध-पडिक्कल ने कर्नाटक को QF में पहुंचाया
शानदार लय में चल रहे कप्तान मयंक अग्रवाल (100) और देवदत्त पडिक्कल (91) की बड़ी साझेदारी से कर्नाटक ने राजस्थान को 150 रन से करारी शिकस्त देकर विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली. कर्नाटक ने सात विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (36 रन पर पांच विकेट) की अगुवाई में शानदार गेंदबाजी से राजस्थान को 38 ओवर में 174 रन पर आउट कर दिया.
कर्नाटक की यह लगातार छठी जीत है. टीम ने 24 अंक के साथ ग्रुप तालिका में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है. केरल, झारखंड और मध्य प्रदेश के 16-16 अंक हैं और वे नेट रन रेट के आधार पर दूसरे स्थान के लिए अंतिम दौर के मैच में जोर लगायेंगे. तमिलनाडु और त्रिपुरा आठ-आठ अंकों के साथ क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर हैं. मयंक ने 107 गेंद की पारी में मौजूदा टूर्नामेंट का दूसरा शतक जड़ा जबकि पडिक्कल 82 गेंद की पारी में नौ रन से सत्र का अपना पांचवां शतक पूरा करने से चूक गए. दोनों की 184 रन की साझेदारी के दौरान राजस्थान के गेंदबाज असहाय नजर आये.
दिल्ली को किसने जिताया?
ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली ने रेलवे को एलीट ग्रुप डी के मैच में छह विकेट से हराकर एक दौर का मुकाबला बाकी रहते विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. दिल्ली के गेंदबाजों ने जीत की नींव रखी और टीम को छह मैचों में पांचवीं जीत दिलाई. शीर्ष पर काबिज दिल्ली ने पांच साल में पहली बार नॉकआउट में जगह बनाई. रेलवे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया लेकिन आयुष बडोनी और नवदीप सैनी ने तीन तीन विकेट लेकर उसे 40.4 ओवर में 179 रन पर आउट कर दिया. ईशांत शर्मा ने चार ओवर में पांच रन देकर एक विकेट लिया. सैनी ने 5.4 ओवर में 30 रन देकर और आफ स्पिनर बडोनी ने 10 ओवर में 30 रन देकर तीन तीन विकेट लिये.
रेलवे के छह विकेट 23.2 ओवर में 99 रन पर गिर गए थे. कुश मराठे की अकेले टिक सके जिन्होंने 66 गेंद में 51 रन बनाये. दिल्ली ने 21.4 ओवर में चार विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया. सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने 41 गेंद में 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये. उन्होंने सार्थक राजन (33) के साथ पहले विकेट के लिये 109 रन जोड़े. पंत ने नौ गेंद में तीन छक्कों और एक चौके के साथ 24 रन बनाये. नीतिश राणा 28 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे.
गिल फेल, लेकिन क्वार्टर फाइनल में पंजाब
पंजाब ने 40 ओवर के मैच में गोवा को छह विकेट से शिकस्त दी. मयंक मार्कंडेय के तीन और अर्शदीप सिंह, सुखदीप सिंह तथा कृष भगत के दो-दो विकेटों से गोवा को 33.3 ओवर में 211 रन पर आउट करने के बाद पंजाब ने हरनूर सिंह (नाबाद 94) और नमन धीर (68) की शानदार पारियों से 35 ओवर में चार विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया. भारतीय वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल (11) और कप्तान प्रभसिमरन सिंह (दो) के पांचवें ओवर में 17 रन तक आउट होने के बावजूद पंजाब की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी दबाव में नहीं आयी. ग्रुप के अन्य मैचों में छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को छह रन जबकि उत्तराखंड ने सिक्किम को छह विकेट से हराया.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.