Last Updated:
IND vs NZ T20 World Cup Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टी20 वर्ल्ड कप की खिताबी जंग में सिर्फ एक दिन का वक्त बाकी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगी. आइए जानते हैं इस महामुकाबले के लिए टीम इंडिया कितनी तैयार है.
भारतीय क्रिकेट टीम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा है. अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म के बावजूद भारतीय टीम अहम मुकाबलों में बड़ा टोटल खड़ा करने में सफल रही है. संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी काबिलियत को साबित करके दिखाया है. संजू इस टूर्नामेंट में खेले 4 मुकाबलों में 201 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 232 रन बना चुके हैं. ईशान किशन भी अच्छी लय में दिखाई दिए हैं और उन्होंने 8 मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम
हालांकि, अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा है. 7 पारियों में अभिषेक सिर्फ 89 रन ही बना सके हैं, जिसमें से 55 रनों की पारी उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ ही खेली थी. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 8 मैच में 242 रन जरूर बनाए हैं, लेकिन अहम मौके पर वह टीम को मझधार में छोड़कर पवेलियन लौटे हैं. सूर्या का स्ट्र्राइक रेट भी सवालों के घेरे में रहा है. तिलक वर्मा के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने का फैसला भारतीय टीम के हित में गया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद सेमीफाइनल में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 7 गेंदों में 21 रन बनाए. तिलक बतौर फिनिशर टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित हो रहे हैं.
हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है. बल्लेबाजी में हार्दिक ने 8 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में भी वह 8 विकेट निकाल चुके हैं. हालांकि, अक्षर पटेल उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं.
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने हर बड़े मुकाबले में अपनी उपयोगिता साबित की है. 7 मुकाबलों में 10 विकेट चटकाने के साथ-साथ बुमराह ने सिर्फ 6.62 की इकोनॉमी से रन खर्च किए हैं. अर्शदीप सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं. 7 मुकाबलों में अर्शदीप ने महज 9 विकेट निकाले हैं और उनका इकोनॉमी भी 8.53 का रहा है. अर्शदीप के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी दिक्कत यह रही है कि वह अच्छी टीमों के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए हैं. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने 4 ओवर में 51 रन खर्च किए थे. मोहम्मद सिराज के बेंच पर बैठे होने के बावजूद अर्शदीप को मौके पर मौके मिल रहे हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले वरुण चक्रवर्ती को टीम इंडिया का सबसे बड़ा मैच विनर बताया जा रहा था. हालांकि, वरुण ने भारतीय फैंस को अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया है. वरुण बड़े मुकाबले और अच्छी टीमों के खिलाफ बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण ने 4 ओवर में 64 रन दिए, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ मिस्ट्री स्पिनर ने 40 रन खर्च करते हुए सिर्फ एक विकेट चटकाया था.
वरुण के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम का उन पर अटूट भरोसा कायम नजर आया है. इंग्लैंड के खिलाफ वरुण के महंगे स्पेल की वजह से एक समय पर मुकाबला भारत के हाथ से फिसलता हुआ भी नजर आ रहा था. कुलदीप यादव जैसे अनुभवी गेंदबाज के होने पर भी वरुण को लगातार मौके देने का फैसला समझ से परे नजर आया है.
यानी कुल मिलाकर अगर भारत को टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को लगातार दूसरी बार जीतकर इतिहास रचना है, तो फाइनल में कुछ कठिन फैसले लेने होंगे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.