पाकिस्तान ने पहले टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. पाकिस्तान की इस जीत में उसके गेंदबाजों का अहम रोल रहा जिन्होंने मेजबानों को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया और उसे 128 रन पर रोक दिया. जवाब में पाकिस्तान ने ओपनर साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से मुकाबले 20 गेंद बाकी रहते जीत लिया.
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 128 रन बनाए. उसकी ओर से जनिथ लियानागे ने सबसे अधिक 40 रन की पारी खेली वहीं चरित असलंका और वानिंदु हसरंगा ने एक समान 18-18 रन बनाए. कुसल मेंडिस ने 14 रन की पारी खेली जबकि ओपनर पथुम निसंका और कप्तान दासुन शनाका ने 12-12 रन का योगदान दिया. कामिल मिश्रा का खाता भी नहीं खुला. पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा और अबरार अहमद ने 3-3 विकेट चटकाए वहीं वसीम और शादाब खान ने दो दो शिकार किए.

पाकिस्तान ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को छह विकेट से हराया.
पाकिस्तान ने 16.4 ओवर में चेज किया 129 रन का टारगेट
श्रीलंका की ओर से रखे गए 129 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 16.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज कर ली. पाकिस्तान की ओर से ओपनर साहिबजादा फरहान ने 36 गेंदों पर 4 चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए वहीं सैम अयूब ने 24 रन का योगदान दिया.कप्तान सलमान आगा 16 रन बनाकर आउट हुए. फरहान जमन ने पांच रन का योगदान दिया वहीं उस्मान खान नाबाद 7 रन बनाए जबकि शादाब खान 18 रन बनाकर नाबाद लौटे.
‘हमें फील्डिंग में काम करने की जरूरत है’
जीत के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा, ‘दिन में मौसम को देखते हुए मुझे ओस की उम्मीद नहीं थी. दूसरी इनिंग के पहले 5-6 ओवर के बाद काफी ओस थी. मुझे लगा था कि पहली इनिंग में जिस तरह से गेंद रुक रही थी, उसे देखते हुए 150 का टोटल मुश्किल होगा.लेकिन दूसरी इनिंग में ओस देखने के बाद मुझे लगा कि 170 के आस-पास रन चाहिए थे. हम जानते हैं कि वर्ल्ड कप में हमें क्या करना है. हम अपनी भूमिकाएं जानते हैं. मैं चाहता हूं कि टीम अच्छी फील्डिंग करे, यह वह एरिया है जिसमें हमें सुधार करने की जरूरत है. मुझे फुल टॉस गेंदों पर खेलने पर काम करने की जरूरत है, यह मेरी कमजोरी बन गई है.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.