Pakistan travel to Sri Lanka for T20 World Cup: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करने के एक दिन बाद श्रीलंका के लिए उड़ान भरी. टूर्नामेंट के सभी मैच टीम को यहीं पर खेलना है. भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को खेला जाना है.
टी20 वर्ल्ड कप खेलने श्रीलंका पहुंची पाकिस्तान की टीम
नई दिल्ली. भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर हंगामा मचाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम श्रीलंका के लिए रवाना हो गई है. टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार है. रविवार को टीम ने टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया था. पाकिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति तो दी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर न उतरने का निर्देश दिया.
आधिकारिक तौर पर बहिष्कार की घोषणा के बाद पाकिस्तान टीम श्रीलंका पहुंच गई है. टीम को अपने सारे मुकाबले यहीं खेलना है. यह फैसला दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ आपसी सहमति के बाद लिया गया. सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से रवाना होने के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें फखर जमान, शाहीन अफरीदी, सलमान आगा समेत कई खिलाड़ी अपना सामान लेकर जाते नजर आ रहे हैं.