Last Updated:
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह से तैयार हैं. बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल का मानना है कि लीग स्टेज को भूलकर अब टीम की नजर आखिर के सिर्फ दो मैचों पर टिकी है.
टीम इंडिया के सेमीफाइनल मुकाबले पर बॉलिंग कोच का बयान
वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे करो या मरो की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने किसी तरह जीत हासिल कर ली. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान मोर्केल से वरुण चक्रवर्ती सहित भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी सवाल किए गए जो कुछ मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए.
नॉकआउट पर है टीम इंडिया का पूरा ध्यान
मोर्केल ने कहा, ‘‘वे अच्छी टीमें हैं, वे अच्छा खेलते हैं. अगर आप उम्मीद करते हैं कि हम टीमों को 120 या 150 रन पर आउट कर देंगे तो ऐसी उम्मीद करना सही नहीं है. हम सेमीफाइनल में हैं और जीत हासिल करके ही यहां पहुंचे हैं. हम जानते हैं कि भारत में जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है.’’ भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा, ‘‘यह मायने नहीं रखता कि आप सेमीफाइनल तक कैसे पहुंचते हैं. मायने यह रखता है कि आप अगले दो मैचों में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं.’’
इंग्लैंड को भी सेमीफाइनल में पहुंचने से पहले कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है और उसकी टीम भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार होगी. मोर्केल ने कहा, ‘‘हमने वास्तव में इसके (परफेक्ट मैच) बारे में बात नहीं की है. हमारी यह टीम प्रतिभाशाली है और जरूरत पड़ने पर कोई भी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है. हमें उम्मीद है कि आखिरी दो मैच में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे.’’
इंग्लैंड की टीम को हल्के में नहीं लेगी टीम इंडिया
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि खेल कैसे चलता है और इसमें सफलता की कोई गारंटी नहीं होती है. लेकिन हमें मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलता है और हमारा यही लक्ष्य है. कल हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है. मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अपनी रणनीति पर अमल करके अनुकूल परिणाम हासिल करेंगे.’’ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत अब मायने नहीं रखती और उन्होंने हैरी ब्रुक की अगुवाई वाली टीम को खतरनाक बताया.
मोर्केल ने कहा, ‘‘इंग्लैंड की टीम बेहद चतुर है. उसकी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई है जिससे वह एक बहुत ही खतरनाक टीम बन जाती है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजी में उनके पास कई विकल्प हैं. मुझे लगता है कि जिस तरह से वे टी20 मैच खेलते हैं. जिस तरह से वे निडर होकर मैच को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं, उससे उन्हें मौके मिलेंगे और यही बात उन्हें एक खतरनाक टीम बनाती है. मुझे लगता है कि कल दो आक्रामक टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होगा.’’
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.