Pakistan Super League: पाकिस्तान सुपर लीग से जुड़ा आए दिन कोई ना कोई विवाद सामने आ रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के टूर्नामेंट से जाने की वजह से ही PSL 2026 शुरुआत से सुर्खियों में रहा। अब एक और नया विवाद खड़ा हो गया है जब लाहौर कलंदर्स टीम (Lahore Qalandars) का नाम गेंद से ‘छेड़छाड़’ (ball tampering) मामले में सामने आया।
रविवार को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच हुए मैच के दौरान शाहीन अफरीदी और फखर जमान को गेंद की कंडीशन बदलने की कोशिश करते हुए कैमरे में पकड़ लिया गया। यह घटना मैच के आखिरी ओवर से ठीक पहले हुई थी। जैसे ही अंपायरों ने ये देखा, उन्होंने लाहौर कलंदर्स टीम पर जुर्माना लगा दिया। बाद में, कराची किंग्स चार विकेट से मैच जीत गई।
गेंद से छेड़छाड़ मामले में फंसी PSL 2026
मैच के दौरान, लाहौर कलंदर्स के कई खिलाड़ी- शाहीन अफरीदी, फखर जमान और हारिस रऊफ को 20वें ओवर की शुरुआत से ठीक पहले अंपायर के सामने ही गेंद को हाथ लगाते देखा गया था। जब जमान ने रऊफ को गेंद दी, अंपायर को ये हरकत संदिग्ध लगी और उन्होंने खिलाड़ियों से गेंद मांगी। मामला बढ़ता चला गया और चौथे अंपायर को रिप्लेसमेंट बॉल लाने के लिए बुलाया गया। जब गेंद में बदलाव पाया गया, तो लाहौर कलंदर्स पर पांच रन का जुर्माना ठोक दिया गया और तुरंत गेंद बदल दी गई।
इस घटना के बाद टारगेट 14 रनों से घटकर 9 रन तक हो गया और कराची किंग्स चार विकेट से मैच जीत गई। भले ही, रऊफ ने पहली ही गेंद पर खुशदिल शाह को आउट कर दिया था, लेकिन इसके तुरंत बाद ही मैच पर उनकी पकड़ कमजोर पड़ गई। अगली दो गेंदों पर उन्होंने 11 रन लुटा दिए, जिनमें एक वाइड भी शामिल थी। अब्बास अफरीदी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर कराची किंग्स को रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से जीत दिला दी।
इस हरकत के बाद पीएसएल को दुनियाभर से आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया के जरिए चुटकी ली है। आइसलैंड क्रिकेट ने पीएसएल पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे गौरवशाली इतिहास में कभी भी गेंद से छेड़छाड़ का कोई घोटाला नहीं हुआ है।”
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.