Last Updated:
Rinku Singh 3.5 crore bunglow: दो कमरों के मामूली स्टाफ क्वार्टर से लेकर 3.5 करोड़ के आलीशान बंगले तक, भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. अलीगढ़ के ‘ओजोन सिटी’ में बना उनका यह तीन मंजिला महल आधुनिक सुविधाओं, एक निजी स्विमिंग पूल और एक खास ‘ट्रॉफी वॉल’ से लैस है. जिस बल्ले से रिंकू ने लगातार 5 छक्के जड़कर तकदीर बदली थी, उसे उन्होंने यहां गर्व से सजाया है. यह घर उनके कड़े संघर्ष और ‘गॉड्स प्लान’ की शानदार जीत है.
रिंकू सिंह का सफर स्टाफ क्वार्टर से शुरू हुआ था.
रिंकू सिंह (Rinku Singh) का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था. उनका बचपन किसी सुख-सुविधा में नहीं बीता. उनके पिता एक एलपीजी वितरण कंपनी में काम करते थे और परिवार को कंपनी की ओर से मिला एक छोटा सा ‘स्टाफ क्वार्टर’ मिला था. उस दो कमरों के घर में कई लोग एक साथ रहते थे. रिंकू ने वह दौर भी देखा है जब आर्थिक तंगी इतनी थी कि उन्हें झाड़ू-पोछा लगाने तक का काम ऑफर किया गया था, लेकिन उन्होंने क्रिकेट को चुना.
रिंकू का नया ठिकाना ओजोन सिटी में ‘गोल्डन एस्टेट’
रिंकू सिंह ने हाल ही में अलीगढ़ के पॉश इलाके ओजोन सिटी के गोल्डन एस्टेट में एक भव्य बंगला खरीदा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 500 वर्ग गज में फैले इस तीन मंजिला बंगले की कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपये है. यह घर आधुनिकता और सादगी का एक बेहतरीन मिश्रण है.
सादगी और भव्यता का संगम
रिंकू के बंगले के अंदर कदम रखते ही एक शांति और सुकून का अहसास होता है.घर का एंट्रेंस हॉल काफी चौड़ा है, जिसमें न्यूट्रल रंगों की फ्लोरिंग और बेहतरीन लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया है. घर का लिविंग रूम काफी बड़ा है जिसमें हल्के हरे रंगों का उपयोग किया गया है. यहां का फर्नीचर आधुनिक होने के साथ-साथ बेहद आरामदायक है. बंगले में कुल छह रूम हैं. इसके अलावा काम और आराम के लिए अलग से कमरे बनाए गए हैं. लकड़ी के काम और सॉफ्ट लाइटिंग ने घर को एक ‘वार्म लुक’ दिया है. किचन को भी काफी स्मार्ट तरीके से डिजाइन किया गया है, जहां क्रीम और वुडन टोन की कैबिनेट इसे प्रीमियम लुक देती हैं.
प्राइवेट पूल और ‘ट्रॉफी वॉल’
इस बंगले में एक शानदार प्राइवेट स्विमिंग पूल भी है, जो इसे किसी लग्जरी रिसॉर्ट जैसा अहसास देता है. लेकिन घर का सबसे खास हिस्सा वह ‘ट्रॉफी वॉल’ है, जहां रिंकू ने अपने अब तक के सफर की यादें संजोई हैं. यहां उनके बल्ले, जर्सी और मेडल रखे गए हैं. इसी वॉल पर वह ऐतिहासिक बल्ला भी मौजूद है, जिससे रिंकू ने आईपीएल के एक मैच में लगातार 5 छक्के जड़कर पूरी दुनिया को अपना दीवाना बना लिया था. रिंकू कहते हैं कि यह दीवार उन्हें याद दिलाती है कि खेल में वक्त बदलते देर नहीं लगती.
रूफटॉप बार और टेरेस
घर की छत को भी बेहद खास तरीके से बनाया गया है. यहां एक रूफटॉप बार और बैठने की जगह है, जो छोटी पार्टियों और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एकदम सही है. अलीगढ़ की शामों का लुत्फ उठाने के लिए यह रिंकू की पसंदीदा जगहों में से एक है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.