Last Updated:
Sunil Gavaskar to Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप की तीन पारियों में शून्य के स्कोर पर आउट हुए. उनका खाता अभी नहीं खुला है. दिग्गज सुनील गावस्कर ने इस युवा अेपनर को सुपर 8 के लिए सलाह दी है कि बाएं हाथ के इस ओपनर को अपनी पारी की शुरुआत में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचना होगा. गावस्कर ने कहा कि अभिषेक को पहले खाता खोलना चाहिए फिर चौकों और छक्कों के बारे में सोचना चाहिए.
सुनील गावस्कर की अभिषेक शर्मा को सलाह.
सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) बहुत अच्छे इंसान हैं, लेकिन उन पर उम्मीदों का बोझ साफ दिख रहा है. अगर उन्होंने अमेरिका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती तो बात कुछ और होती. अब उन पर बड़े छक्के लगाने वाले टॉप बल्लेबाज का दबाव है.’ उन्होंने कहा, ‘अपनी बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें क्रीज पर समय बिताना चाहिए. उन्हें पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. अगर बड़े शॉट खेलने का मन हो तो ठीक है, लेकिन ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने की कोशिश न करें.’
गावस्कर ने कहा कि इस 25 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में समझदारी से खेलना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘एक रन लो और खाता खोलो. चार डॉट बॉल भी मायने नहीं रखतीं, वह बाद में उसकी भरपाई कर सकता है. उसे शुरुआत में समझदारी से खेलना होगा. एक-दो ओवर क्रीज पर टिककर फिर अपना नेचुरल खेल खेलो.’ भारत ने बुधवार को शिवम दुबे की 31 गेंदों में 66 रन की पारी और वरुण चक्रवर्ती के 14 रन देकर तीन विकेट की बदौलत नीदरलैंड को 17 रन से हराकर ग्रुप ए में टॉप किया.
गावस्कर ने दुबे की तारीफ की और कहा कि इस बाएं हाथ के ऑलराउंडर को अपने खेल में सिर्फ एक शॉट जोड़ना है, जिससे वह और भी खतरनाक बल्लेबाज बन जाएगा. उन्होंने कहा, ‘शिवम दुबे को गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल है क्योंकि उनके पास कई तरह के शॉट हैं. आप उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर गेंद डाल सकते हैं, लेकिन फिर भी वह लॉन्ग ऑन के ऊपर से शॉट लगा सकते हैं. वह सिर्फ मिड-विकेट और स्क्वायर-लेग के ऊपर से ही नहीं, लॉन्ग ऑफ के ऊपर से भी शॉट लगा सकते हैं.’
इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘अगर वह एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से इनसाइड आउट शॉट खेलने पर मेहनत करता है तो वह बहुत खतरनाक बल्लेबाज बन जाएगा. तब वह गेंद को मैदान के किसी भी हिस्से में मार सकता है.’ चक्रवर्ती के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए गावस्कर ने कहा कि यह स्पिनर इस फॉर्मेट में भारत के लिए अहम गेंदबाज है. उन्होंने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह शुरुआत में गेंदबाजी करेंगे. अगर हार्दिक पंड्या शुरुआती ओवरों में एक-दो विकेट ले लेते हैं तो बहुत मदद मिलेगी. लेकिन भारत गेंदबाजी में काफी हद तक वरुण के चार ओवरों पर निर्भर रहेगा.
सुपर आठ में विरोधी टीमें उनका सामना कैसे करती हैं, यह देखना दिलचस्प होगा.’ गावस्कर चाहते हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को होने वाले सुपर आठ के मैच में अर्शदीप सिंह की जगह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में शामिल किया जाए. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अक्षर पटेल सुपर आठ में अंतिम एकादश में वापसी करेंगे. क्या वह अर्शदीप सिंह की जगह लेंगे, यह देखना बाकी है. वाशिंगटन अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे या नहीं, इसके बारे में भी पक्का नहीं कहा जा सकता. वाशिंगटन आठवें नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं और मुझे लगता है कि उन्हें इसका फायदा मिल सकता है.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.