Last Updated:
How India Can Qualify For T20 World Cup Semifinals: चेन्नई में जिम्बाब्वे को 72 रनों से रौंदने के बाद भी टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन ब्रायन बेनेट (97) की पारी ने भारत को नेट रन रेट में पीछे धकेल दिया. अब 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला ‘करो या मरो’ की जंग बन गया है. यदि भारत जीता तो सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगा, लेकिन हार या बारिश की स्थिति में बेहतर नेट रनरेट के कारण वेस्टइंडीज बाजी मार ले जाएगी.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च वाला मुकाबला नॉकआउट बन गया है.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. सूर्या के रणबांकुरों ने निर्धारित 20 ओवरों में 256/4 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. चेन्नई की पिच पर रनों का यह सैलाब देखकर लगा था कि भारत अपनी नेट रन रेट (NRR) में बड़ा सुधार करेगा. जवाब में जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रनों की जुझारू पारी खेली, जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे ने 184/6 का स्कोर बनाया. भारत ने मैच तो 72 रनों से जीता, लेकिन सेमीफाइनल की अंकगणित में एक ‘पेंच’ फंस गया.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च वाला मुकाबला नॉकआउट बन गया है.
नेट रन रेट का गणित: क्यों चूकी टीम इंडिया?
सेमीफाइनल की सुरक्षित सीट पक्की करने के लिए भारत को जिम्बाब्वे को कम से कम 148 रनों के अंतर से हराना था. ऐसा करने पर भारत की नेट रन रेट वेस्टइंडीज से बेहतर हो जाती. चूंकि भारत केवल 72 रनों से जीता. इसका मतलब यह है कि अगर ग्रुप-1 की अंक तालिका में दोनों टीमें बराबर अंकों पर रहती हैं, तो बेहतर रन रेट के कारण वेस्टइंडीज बाजी मार ले जाएगी.
सेमीफाइनल का समीकरण: अब आगे क्या?
अब भारतीय टीम के पास क्वालीफाई करने का केवल एक सीधा रास्ता बचा है, और वह रास्ता कोलकाता से होकर गुजरता है. भारत का अगला मैच रविवार को वेस्टइंडीज से है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को यह मैच हर हाल में जीतना होगा. जीत मिलते ही भारत के अंक वेस्टइंडीज से ज्यादा हो जाएंगे और टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी.
अगर रविवार को ‘मेन इन मैरून’ (वेस्टइंडीज) भारत को हरा देती है, तो भारतीय टीम ग्रुप-1 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक जाएगी और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. अगर कोलकाता में मैच के दौरान बारिश होती है और खेल धुल जाता है (Washout), तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ऐसी स्थिति में भी वेस्टइंडीज को फायदा होगा क्योंकि उनकी बेहतर रन रेट उन्हें सेमीफाइनल का टिकट दिला देगी.
अन्य टीमों का हाल
ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. वहीं ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने अपनी जगह पक्की कर ली है. अब सारा दारोमदार भारत बनाम वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड के मैचों पर टिका है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.