Last Updated:
India vs Pakistan T20 World Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने तीसरे मुकाबले में 61 रन से शिकस्त दी. ईशान किशन (77) की तूफानी फिफ्टी और सूर्यकुमार यादव के 32 रनों से भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 175 रन बनाए थे. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम पर भारतीय गेंदबाज कहर बनकर टूट पड़े और पारी को 114 रन पर ही समेट दिया.
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को पीटा.
ईशान किशन का तूफान
जीत के सबसे बड़े हीरो रहे ईशान किशन, जिन्होंने ओपनिंग करते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों की बखिया उधेड़कर रख दी. भारत को पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा था, लेकिन ईशान तो अपने ही मूड में नजर आए. उन्होंने दूसरे ओवर से गेंदबाजों की धुनाई करना शुरू कर दिया और 27 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी. ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेली, जिससे अच्छे टोटल तक पहुंच पाया. ईशान की पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे.
सूर्यकुमार ने बनाए महत्वपूर्ण रन
इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. ईशान किशन के आउट होने के बाद सूर्या ने मिडिल ओवरों में सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को 170 रन के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया. सूर्यकुमार ने तिलक वर्मा के साथ अच्छी साझेदारी की. सूर्या ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए. सूर्या के बल्ले से यह रन नहीं आते तो भारत का स्कोर 150 रन तक पहुंचना भी मुश्किल था.
हार्दिक पंड्या ने दिलाई दमदार शुरुआत
भले ही हार्दिक का इस मैच में बल्ला नहीं चला, लेकिन उन्होंने दूसरी पारी में टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाई. रनों को डिफेंड करने उतरी टीम इंडिया के लिए पहला ओवर हार्दिक पंड्या लेकर आए. इसी ओवर में हार्दिक की गेंदबाजी का जादू देखने को मिला, जब उन्होंने चौथी गेंद पर पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. फरहान का कैच रिंकू सिंह ने पूरा किया. इस तरह भारत को हार्दिक ने दूसरी पारी में एक जबरदस्त स्टार्ट दिया. इसके अलावा हार्दिक ने आखिरी विकेट भी झटका. हार्दिक ने तीन ओवर में सिर्फ 16 रन देकर दो विकेट चटकाए.
कहर बनकर टूटे बुमराह
पारी का दूसरा ओवर लेकर आए वर्ल्ड क्लास पेसर जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान पर कहर बनकर टूट पड़े. उन्होंने ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान के खेमे में सन्नाटा पसरा दिया. ओवर की पहली गेंद सैम अयूब के बल्ले का ऊपरी किनारा लेती हुई छक्के के लिए चली गई, लेकिन दूसरी गेंद पर पाकिस्तानी ओपनर बच नहीं सका. बुमराह ने एक शानदार अंदर आती हुई गेंद पर सैम को LBW कर दिया. ओवर खत्म करते-करते बुमराह ने पाक कप्तान सलमान आगा को भी लौटा दिया, जिसने भारतीय खेमे में खुशी की लहर दौड़ा दी. बुमराह ने दो ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए.
अक्षर पटेल ने किए दो बड़े शिकार
हार्दिक और बुमराह की धारदार गेंदबाजी के बाद अक्षर पटेल की फिरकी का जादू चला, जिसके पाकिस्तान की जीत की सारी उम्मीदें धराशायी कर दीं. अक्षर ने पहले बाबर आजम को अपने जाल में फंसाकर बोल्ड मारा. फिर उन्होंने उस्मान खान का बड़ा विकेट लिया, जो पाकिस्तान के लिए आखिरी उम्मीद थी. उस्मान खान 44 रन बनाकर आउट हुए. अक्षर पटेल ने दो विकेट लेने के अलावा किफायती गेंदबाजी भी की और चार ओवर में सिर्फ 29 रन ही दिए. अक्षर के अलावा वरुण चक्रवर्ती ने एक ओवर में दो विकेट लेकर भारत को जीत की ओर धकेला. कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने भी एक-एक विकेट चटकाया.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.