Who is Adar Poonawalla net worth: पुणे की वैक्सीन कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदर पूनावाला का कहना है कि वह आरसीबी को खरीदने के लिए मुंह मांगा रकम देने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि मैं आरसीबी को खरीदने के लिए एक मजबूत बोली पेश करूंगा. ऐसी अटकलेें हैं कि आरसीबी आगामी आईपीएल सीजन से पहले बिक जाएगी. यानी उसका मालिक बदल जाएगा.
अदर पूनावाला (Adar Poonawalla) ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘आने वाले कुछ महीनों में मैं आईपीएल की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक आरसीबी के लिए एक मजबूत और टक्कर देने वाली बोली पेश करूंगा.’ उन्होंने बोली की टाइमिंग या रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. यह प्रक्रिया जल्दी पूरी करनी होगी क्योंकि आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है. फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक करीब 105 मिलियन डॉलर की कीमत वाली आरसीबी के लिए नए मालिक की तलाश पिछले साल नवंबर में शुरू हुई थी. अदार पूनावाला की नेटवर्थ अक्टूबर 2024 तक, 16.3 बिलियन डॉलर (136,000 करोड़ रुपये) आंकी गई थी.

आरसीबी अपने घरेलू मैच बेंगलुरु से बाहर खेल सकती है.
मौजूदा मालिक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) इस पहल के पीछे है. यूएसएल ग्लोबल ड्रिंक कंपनी डियाजियो की भारतीय ब्रांच है. आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान 4 जून को भगदड़ में 11 फैंस की मौत हो गई थी. इसके बाद टीम की बिक्री की प्रक्रिया तेज कर दी गई थी. यूनाइटेड स्पिरिट्स ने 2016 में विजय माल्या के बिजनेस ग्रुप के गिरने के बाद आरसीबी को उनके असली मालिक से खरीदा था. पूनावाला का बयान ऐसे वक्त आया है जब चर्चा है कि आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने घरेलू मैच बेंगलुरु से बाहर खेल सकती है.
सात घरेलू मैचों की मेजबानी के लिए फ्रेंचाइजी से संपर्क किया है
पुणे, मुंबई और रायपुर ने सात घरेलू मैचों की मेजबानी के लिए फ्रेंचाइजी से संपर्क किया है. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने बुधवार को आरसीबी मैनेजमेंट से घरेलू मैच बेंगलुरु में ही रखने की अपील की थी और एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा और सुविधाओं में किए गए सुधारों का हवाला दिया था.

अभी कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन पर और सोचने की जरूरत है; आरसीबी
आरसीबी ने जवाब में कहा, ‘अभी कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन पर और सोचने की जरूरत है. हम सभी हितधारकों से मिले सुझावों और बातों पर ध्यान दे रहे हैं ताकि टीम और हमारे फैंस के हित में सही फैसला लिया जा सके.’ पूनावाला के अलावा, विजय किरागंदूर की कंपनी होम्बले फिल्म्स भी आरसीबी के मालिक बनने की दौड़ में मानी जा रही है. होम्बले फिल्म्स ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी हिट फिल्मों की निर्माता है. इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.