Abhimanyu Eashwaran bizzare run out in ranji trophy: बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन रणजी ट्रॉफी मैच में सर्विसेज टीम के खिलाफ अजीबो-गरीब तरीके से रन आउट होने के चलते सुर्खियों में आ गए. ड्रिंक्स के लिए उन्होंने क्रीज छोड़ दी, बाद में पता चला कि उन्हें पवेलियन लौटना पड़ेगा, क्योंकि वह रनआउट हो गए हैं. ईश्वरन 81 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे. चलिए आपको बताते हैं आखिर हुआ क्या.
दरअसल, पारी के 41वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिमन्यु रन आउट हुए. सर्विसेज के तेज गेंदबाज आदित्य कुमार ने फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिसे सुदीप चटर्जी ने सीधे गेंदबाज की तरह ही खेला. इसी बीच नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े अभिमन्यु ईश्वरन को लगा कि ओवर खत्म हो गया है और ड्रिंक्स ब्रेक का इशारा हो चुका है. इसी वजह से क्रीज से बाहर आकर ड्रिंक्स के लिए आगे बढ़ने लगे. उन्होंने रन लेने की कोशिश भी नहीं की और न ही किसी तरह का फायदा उठाना चाहा, लेकिन गेंद अभी डेड घोषित नहीं हुई थी. आदित्य कुमार के फॉलो-थ्रू के दौरान गेंद उनकी उंगलियों को छूती हुई नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स से जा टकराई. उस समय ईश्वरन क्रीज से बाहर ही थे.

अभिमन्यु ईश्वरन अजीबो-गरीब तरीके से हुए आउट
जब गेंद स्टंप्स से जा लगी तो गेंदबाज को लगा कि अभिमन्यु क्रीज से बाहर हैं और उन्होंने टीम के साथ तुरंत अपील कर दी. मैदान पर मौजूद अंपायरों ने फैसला थर्ड अंपायर के पास भेजा. रीप्ले देखने के बाद थर्ड अंपायर ने पुष्टि की कि स्टंप्स से गेंद टकराते समय अभिमन्यु ईश्वरन क्रीज के बाहर थे, जिससे उन्हें आउट करार दिया गया. इससे उन्होंने अपना 28वें फर्स्ट क्लास शतक बनाने का मौका भी गंवा दिया. ईश्वरन अच्छी स्थिति में दिख रहे थे और अपनी शुरुआत को एक बड़े स्कोर में बदलने वाले थे. वह शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे थे.
About the Author

Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.