Bihar Beat Manipur: रणजी ट्रॉफी 2025-26 में मणिपुर के खिलाफ मैच में बिहार ने धमाकेदार जीत हासिल की. बिहार ने मणिपुर को रिकॉर्ड 568 रनों के बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ ही बिहार ने एलीट ग्रुप में अपनी वापसी को पक्का को लगभग पक्का कर लिया है. बिहार की इस जीत में पीयूष सिंह के दूसरी पारी में शानदार दोहरा शतक लगाया.
कप्तान साकिबुल गनी के नेतृत्व में फिर से शीर्ष स्तर पर लौटकर बिहार अपनी क्रिकेट टीम के पुनर्निर्माण के दौर को आगे बढ़ा रहा है, जिसमें किशोर प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से काफी उम्मीदें जुड़ी हैं. बिहार ने सोमवार को दूसरी पारी छह विकेट पर 505 रन पर घोषित करते हुए मणिपुर को जीत के लिए 764 रन का लगभग असंभव जैसा लक्ष्य दिया.
पहली पारी में बिहार ने बनाए थे 522 रन
इससे पहले रघुवेंद्र प्रताप सिंह अपने बीते दिन के स्कोर 90 से आगे नहीं बढ़ सके और शतक से चूक गए. पहली पारी में 522 रन बनाने के बाद बिहार ने मणिपुर को 264 रन पर समेट दिया था. दूसरी पारी में भी मणिपुर की टीम 195 रन पर आउट हो गई. पांचवें और अंतिम दिन सूरज कुमार कश्यप और हिमांशु सिंह की स्पिनरों की जोड़ी ने तीन-तीन विकेट चटकाए.
कप्तान गनी (108) और बिपिन सौरभ (143) पहली पारी में शतक जड़कर इस एकतरफा जीत के मुख्य शिल्पकार रहे. इसके बाद पीयूष सिंह ने दूसरी पारी में 322 गेंदों पर नाबाद 216 रन बनाकर मणिपुर के खिलाफ रनों का अंबार लगा दिया. बिहार ने आखिरी दिन महज नौ गेंदों के बाद ही पारी घोषित कर दी. रघुवेंद्र टीम के रात के स्कोर 505 में कोई इजाफा नहीं कर सके.
मणिपुर ने 50 रन पर गंवा दिए थे 5 विकेट
बिहार के गेंदबाजों ने 14 ओवर के भीतर ही मणिपुर को 50 रन पर पांच विकेट झटक कर मणिपुर पर शिकंजा कस दिया. टीम ने 23वें ओवर में 70 रन पर सात विकेट गंवा दिये. किशोर बल्लेबाज फेइरोइजाम जोतिन ने 102 गेंदों पर 74 रन की जुझारू पारी खेलकर कुछ देर तक बिहार के आक्रमण को रोके रखा. 19 वर्षीय जोतिन ने आठवें विकेट के लिए एल. किशन सिंघा (76 गेंदों पर 30 रन) के साथ 83 रनों की साझेदारी की और कुछ समय के लिए बिहार की पूर्ण जीत को टालने की कोशिश की.
पारी के 44वें ओवर में तेज गेंदबाज आकाश राज ने किशन सिंघा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, जिसके बाद बिहार की जीत तय हो गई. कुछ ओवर बाद जोतिन भी आउट हो गए और मणिपुर की बल्लेबाजी में बची-खुची उम्मीद भी समाप्त हो गई. इससे पहले इसी महीने बिहार ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी एलीट लीग में पदोन्नति हासिल की थी. टीम ने वहां भी फाइनल में मणिपुर को छह विकेट से हराया था.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.