India Player Ratings For New Zealand ODI Series : भारतीय टीम ने 38 साल बाद घर में न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज गंवाई. विराट कोहली आखिरी वनडे में अकेले डटकर जीत दिलाने की कोशिश में लगे रहे हालांकि किसी और का साथ ना मिलने वो टीम हार गई. सीरीज में उनके प्रदर्शन पर 10 में से 10 अंक मिलने चाहिए.
भारतीय टीम ने पहली बार अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाई है, जिससे 38 साल की जीत का सिलसिला टूट गया. पहले मैच में जीत के बाद, टीम इंडिया को दूसरे और तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा. कप्तान शुभमन गिल समेत टीम के सारे खिलाड़ियों जो इस सीरीज के दौरान खेलने उतरे चलिए जानते हैं उनको प्रदर्शन के आधार पर मिलने चाहिए कितने नंबर.

शुभमन गिल की बतौर भारतीय कप्तान पहली वनडे सीरीज में उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके. उन्होंने पहले दो मैचों में अर्धशतक लगाए, जबकि निर्णायक मुकाबले में 23 रन बनाए. 26 साल के गिल ने तीन मैचों में 45 की औसत से 135 रन बनाए. गिल अब तक भारत की कप्तानी में दोनों वनडे सीरीज हार चुके हैं. 10 में से कप्तान को 6 नंबर मिलने चाहिए.

रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज खास नहीं रही. पूर्व भारतीय कप्तान, जो दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज के तौर पर सीरीज में आए थे, तीन पारियों में सिर्फ 61 रन बना सके और एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके. उन्होंने 27, 24 और 11 रन की पारियां खेलीं. रोहित शर्मा को 10 में से 2 अंक मिलने चाहिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए तीन पारियों में 80 की औसत से 240 रन बनाए. सीरीज के पहले मैच में उनकी 93 रन की पारी भारत की चार विकेट से जीत में निर्णायक रही. तीसरे वनडे में हार के बावजूद उन्होंने 124 रन की शानदार पारी खेली और अकेले संघर्ष किया. विराट को 10 में से 10 अंक मिलने चाहिए.

श्रेयर अय्यर की चोट के बाद वापसी खास नहीं रही. उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 60 रन बनाए. पहले मैच में 49 रन की अच्छी पारी खेली, लेकिन दूसरे और तीसरे वनडे में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. श्रेयस को प्रदर्शन के आधार पर 10 में से सिर्फ 2 अंक मिलने चाहिए.

केएल राहुल ने सीरीज की शुरुआत पहले मैच में नाबाद 29 रन की अहम पारी से की और भारत को जीत दिलाई. दूसरे मैच में उन्होंने 97 गेंदों में 112 रन की यादगार पारी खेली, जब मिडिल ऑर्डर बिखर गया था. उन्होंने तीन पारियों में 142 रन बनाए और सिर्फ एक बार आउट हुए. केएल को मुश्किल में टीम के लिए उपयोगी पारी के लिए 10 में से 7 अंक मिलने चाहिए.

रवींद्र जडेजा का वनडे करियर अब सवालों के घेरे में आ गया है, क्योंकि वह सीरीज में कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सके. अनुभवी ऑलराउंडर ने तीन पारियों में सिर्फ 43 रन बनाए. गेंदबाजी में भी 23 ओवर डालने के बावजूद एक भी विकेट नहीं ले सके. जडेजा को 10 में से 1 अंक मिलना चाहिए.

नितीश कुमार रेड्डी को दूसरे वनडे में प्लेइंग इलेवन में मौका मिला, जहां उन्होंने सिर्फ 20 रन बनाए और दो ओवर गेंदबाजी की. हालांकि, निर्णायक मुकाबले में उन्हें आठ ओवर फेंकने का मौका मिला. बाद में उन्होंने फटाफट 53 रन बनाकर विराट कोहली के साथ अहम साझेदारी की और वनडे में अपना पहला अर्धशतक लगाया. इस खिलाड़ी को 10 में से 6 अंक मिलना चाहिए.

कुलदीप यादव का प्रदर्शन इस सीरीज में खास नहीं रहा. डेरिल मिचेल ने उन्हें पूरी तरह दबाव में रखा. स्टार स्पिनर ने तीन मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए. उनका औसत 60.66 और इकोनॉमी 7.28 का रहा. इस गेंदबाज को सिर्फ 2 अंक ही मिलने चाहिए.

भारतीय गेंदबाजों के लिए यह सीरीज यादगार नहीं रही, लेकिन मोहम्मद सिराज ने अपनी क्लास दिखाई. उन्होंने तीन मैचों में 2-40, 0-41 और 1-43 के आंकड़े दर्ज किए. ब्लैक कैप्स के बड़े स्कोर के बावजूद सिराज की इकॉनमी 4.59 रही. सिराज को 10 में से 5 अंक मिलना चाहिए.

हर्षित राणा ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर आलोचकों को चुप कराया. उनकी 29 रन की पारी भारत की पहली जीत में अहम रही. तीसरे वनडे में उन्होंने 43 गेंदों में 52 रन बनाए. गेंदबाजी में उन्होंने छह विकेट लिए और इकॉनमी 6.81 रही. उनके प्रदर्शन को देखते हुए 10 में से 8 अंक मिलना चाहिए.

प्रसिद्ध कृष्णा ने सीरीज के पहले दो मैच खेले, तीसरे मैच में उन्हें बाहर कर दिया गया. उन्होंने दो मैचों में तीन विकेट लिए, लेकिन इकॉनमी 6.05 रही. अर्शदीप सिंह को पहले दो मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, लेकिन निर्णायक मुकाबले में आते ही पहले ओवर में विकेट लिया. उन्होंने इंदौर वनडे में 63 रन देकर तीन विकेट लिए. इन दोनों ही गेंदबाज को 5-5 अंक दिए जाने चाहिए.
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.