Last Updated:
मुंबई इंडियंस ने गुजरात जॉयंट्स को सात विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग 2026 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार पारी के दम पर मुंबई ने 193 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया. मुंबई और गुजरात का डब्ल्यूपीएल इतिहास में आठ बार आमना सामन हुआ है और आठों पर मुंबई ने बाजी मारी है. इस जीत के बाद मुंबई चार अंक के साथ पॉइंट टेबल मे दूसरे नंबर पर पहुंच गई है.
नई दिल्ली. हरमनप्रीत कौर के नाबाद 71 रन की मदद से मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के मैच में गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हराया. मुंबई की गुजरात पर डब्ल्यूपीएल के इतिहास में यह आठवीं जीत है.दोनों टीमें आठ बार यहां भिड़ चुकी हैं और आठों बार मुंबई ने गुजरात को मात दी. इस सीजन में यह गुजरात की टूर्नामेंट में पहली हार है. इससे पहले निचले क्रम पर भारती फुलमाली और जॉर्जिया वेयरहैम की आक्रामक पारियों के दम पर गुजरात जाइंट्स ने 5 विकेट पर 192 रन बनाए थे.
गुजरात जायंट्स की ओर से जीत के लिए कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए हरमनप्रीत ने 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जो टूर्नामेंट में उनका दसवां अर्धशतक था. इसके साथ ही उन्होंने डब्ल्यूपीएल में एक हजार रन भी पूरे कर लिए. वह 43 गेंद में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 71 रन बनाकर नाबाद रही और मुंबई ने चार गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की. मुंबई के दो विकेट पावरप्ले के भीतर ही 37 रन पर गिर गए थे. इसके बाद हरमनप्रीत ने अमनजोत कौर (26 गेंद में 40 रन ) के साथ 44 गेंद में 72 रन की साझेदारी की.
हरमनप्रीत कौर ने गुजरात के खिलाफ खेली नाबाद 71 रन की पारी .
निकोला कैरी ने 37 रन की पारी खेली
अमनजोत के आउट होने के बाद निकोला कैरी ने कप्तान का साथ निभाते हुए 22 गेंद में नाबाद 37 रन बनाए जिसमें छह चौके शामिल थे. दोनों ने 43 गेंद में 84 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई. इससे पहले गुजरात की पारी में वेयरहैम 33 गेंद में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर नाबाद रही. वहीं फुलमाली ने 15 गेंद में नाबाद 36 रन बनाये जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल थे.आयुषी सोनी के रिटायर्ड आउट होने के बाद वह बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आई थीं.
फुलमाली ने आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया
फुलमाली ने अमनजोत कौर को आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर 23 रन निकाले. गुजरात ने आखिरी तीन ओवरों में 49 रन बनाए. पहले ओवर में गुजरात की सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी को जीवनदान मिला जब मुंबई की 17 वर्ष की विकेटकीपर गुनालन कमलिनी ने उनका कैच टपकाया. मूनी ने इसका पूरा इस्तेमाल करके हीली मैथ्यूज को दो चौके लगाकर दूसरे ओवर में 18 रन निकाले. सोफी डेवाइन (आठ ) के सस्ते में आउट होने के बाद मूनी और कनिका आहूजा ने पावरप्ले में कमान संभाली.
कनिका आहूजा ने 35 रन बनाए
आहूजा ने 18 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए. वहीं मूनी ने 26 गेंद में 33 रन का योगदान दिया. वह सातवें ओवर में एमेलिया केर को रिटर्न कैच देकर लौटी. इसके बाद आहूजा ने कप्तान एशले गार्डनर के साथ गुजरात को नौ ओवर में दो विकेट पर 96 रन तक पहुंचाया. मुंबई की गेंदबाज निकोला कैरी ने हालांकि गार्डनर (20) को और मैथ्यूज ने आहूजा (35) को आउट करके दबाव बनाया, आयुषी भी 14 गेंद में 11 रन ही बना सकी जिससे रनगति प्रभावित हुई. इसके बाद हालांकि फुलमाली और वेयरहैम ने टीम को मजबूत स्कोर दिया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.