Prashant Veer Injured CSK IPl 2026: रणजी ट्रॉफी खेल रहे यूपी के ऑलराउंडर प्रशांत वीर चोटिल हो गए हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह चोट ग्रेड-2 टियर (मांसपेशी/टेंडन में आंशिक फटना) है. ऐसी स्थिति में वह कम से कम तीन हफ्तों तक मैदान से बाहर रह सकते हैं. इस युवा स्टार ने आईपीएल 2026 ऑक्शन में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा था. उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था.
कैसे चोटिल हुए प्रशांत वीर?
यह चोट मैच के पहले दिन लगी, जब वह मिड-ऑफ पर फील्डिंग कर रहे थे. झारखंड के शिखर मोहन का एक शॉट रोकने के लिए उन्होंने दाईं ओर डाइव लगाई, लेकिन गलत तरीके से अपने दाहिने कंधे पर गिर गए. फिजियो ने मैदान पर आकर इलाज किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा और उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया. जब प्रशांत वापस आए तो उनका दाहिना हाथ स्लिंग में था, जिससे पता चला कि चोट गंभीर हो सकती है. प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार यह ग्रेड-2 शोल्डर टियर माना जा रहा है, जो उन्हें कम से कम तीन हफ्तों तक मैदान से दूर रहना पड़ सकता है. इससे IPL 2026 की शुरुआत में उनकी उपलब्धता पर संशय पैदा हो रहा है.

प्रशांत वीर को मिनी ऑक्शन में सीएसके ने खरीदा
ऑक्शन में बरसा छप्परफाड़ पैसा
CSK ने IPL 2026 के मिनी-ऑक्शन में वीर को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जो IPL इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी के बराबर रिकॉर्ड है. यह रिकॉर्ड उन्होंने कार्तिक शर्मा के साथ साझा किया, जिन्हें भी CSK ने इसी कीमत पर खरीदा था. प्रशांत वीर की चोट न केवल उत्तर प्रदेश के घरेलू सीजन के लिए बड़ा झटका है, बल्कि CSK के लिए भी चिंता का विषय है क्योंकि टीम IPL 2026 की तैयारी कर रही है.
वीर का अब तक का करियर
वीर ने अभी तक सिर्फ 9 T20 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 12 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 6.45 है. वह गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कमाल दिखाते हैं. बल्लेबाजी में उन्होंने 112 रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट 167.16 का रहा. इसके अलावा उन्होंने 3 फर्स्ट-क्लास और 8 लिस्ट-ए मैच भी खेले हैं. प्रशांत वीर यूपी टी20 लीग में सुर्खियों में आए थे. उन्होंने 2025 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन भी बने. नोएडा सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 10 पारियों में 320 रन बनाए. उनका औसत 64 का था और स्ट्राइक रेट 155 से ऊपर रहा. साथ ही उन्होंने 8 विकेट भी लिए और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.69 रहा.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.