Ravindra Jadeja net worth: रवींद्र जडेजा के क्रिकेट का सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. पिता की सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और मां की नर्स की ड्यूटी के बीच पले-बढ़े जडेजा ने अभावों को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया. आज उनकी करोड़ों की नेटवर्थ उनके उसी कड़े संघर्ष का फल है. जडेजा को प्यार से ‘सर जडेजा’ कहा जाता है. आज भारतीय क्रिकेट के सबसे अनमोल रत्नों में से एक हैं. लेकिन जामनगर के इस ‘रॉयल नवघण’ की सफलता की कहानी जितनी सुनहरी आज दिखती है, उसकी शुरुआत उतनी ही संघर्षपूर्ण और गरीबी से भरी थी। यह कहानी एक ऐसे लड़के की है जिसने सिक्योरिटी गार्ड की कोठरी से निकलकर करोड़ों के महल तक का सफर अपनी मेहनत और फौलादी इरादों से तय किया है.
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) भारतीय क्रिकेट टीम के ‘थ्री-डाइमेंशनल’ खिलाड़ी हैं. उनकी इसी काबिलियत की वजह से बीसीसीआई ने उन्हें अपने सालाना अनुबंध में ग्रेड ए प्लस कैटेगरी में रखा है. इस ग्रेड के तहत उन्हें बीसीसीआई से सालाना 7 करोड़ रुपये सैलरी मिलती है. इसके अलावा, टेस्ट और वनडे मैच खेलने के लिए उन्हें लाखों रुपये की मैच फीस अलग से मिलती है. वह टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर भी खूब कमाई कर चुके हैं. हालांकि अब वह इस फॉर्मेट से रिटायर हो चुके हैं.

रवींद्र जडेजा की नेटवर्थ में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
विज्ञापनों से कमाई
रवींद्र जडेजा आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे और रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं. चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें हर सीजन के लिए करीब 16 करोड़ रुपये का भुगतान करती थी लेकिन अब वह ट्रेड होकर सीएसके से राजस्थान रॉयल्स में गए हैं. बाएं हाथ के गेंदबाज और बल्लेबाज जडेजा 2008 से आईपीएल खेल रहे हैं और इससे वह करोड़ों की कमाई कर चुके हैं.
मैदान के बाहर भी जडेजा का जलवा बरकरार
मैदान के बाहर भी जडेजा का जलवा बरकरार है. अपनी ‘रॉयल’ इमेज और फिटनेस की वजह से वे ब्रांड्स की पहली पसंद हैं. वह एसिक्स, किनारा कैपिटल, स्वॉट, और इंक्रेडिबल इंडिया जैसे कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापन करते हैं, जिनसे उनकी सालाना कमाई करोड़ों में होती है.

रवींद्र जडेजा की नेटवर्थ
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रवींद्र जडेजा की नेटवर्थ लगभग 120 करोड़ से 150 करोड़ रुपये के बीच है. जामनगर में उनका एक चार मंजिला आलीशान बंगला है, जिसकी बनावट महल जैसी है. उनके गैराज में ऑडी, बीएमडब्ल्यू और कई लग्जरी गाड़ियां हैं. साथ ही उन्हें घोड़ों का बेहद शौक है और उनके पास अपना एक फार्महाउस भी है जहां कई बेशकीमती घोड़े हैं. वह खाली समय में घुड़सवारी करते हैं.

योद्धा की तलवार की तरह घुमाते हैं जडेजा
क्रिकेट के मैदान पर जब भी रवींद्र जडेजा का बल्ला अर्धशतक या शतक का आंकड़ा छूता है, तो दर्शकों को एक खास नजारे का इंतजार रहता है. उनका मशहूर ‘सोर्ड सेलिब्रेशन’ (तलवारबाजी का जश्न). जडेजा अपने बल्ले को बिल्कुल एक योद्धा की तलवार की तरह घुमाते हैं, जो अब उनकी पहचान बन चुका है. जडेजा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह बचपन से ही तलवारबाजी देखते आए हैं और यह उनके खून में है. उनके इस जश्न का अंदाज इतना सटीक और बिजली जैसा तेज होता है कि दिग्गज कमेंटेटर और साथी खिलाड़ी भी दंग रह जाते हैं.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.