Last Updated:
India-Pakistan T20 World Cup Match Opinion: 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले ने समस्तीपुर के युवाओं के बीच रोमांच बढ़ा दिया है. महाशिवरात्रि के दिन होने वाले इस मैच में युवाओं को ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव से बड़ी उम्मीदें हैं. जानिए क्या है समस्तीपुर के खेल प्रेमियों की भविष्यवाणी.
समस्तीपुरः भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला टी-20 मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन और जज्बातों का महासंग्राम माना जाता है. आगामी 15 फरवरी को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर बिहार के समस्तीपुर जिले में खेल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है. दिलचस्प बात यह है कि इस बार क्रिकेट के इस रोमांच के साथ महाशिवरात्रि का पावन पर्व भी जुड़ा है. जिससे जिले में जश्न का माहौल दोगुना हो गया है.
समस्तीपुर शहर के खेल मैदानों से लेकर मोहल्लों की चाय की दुकानों तक. हर तरफ सिर्फ एक ही सवाल तैर रहा है. इस बार पहला छक्का कौन मारेगा और पाकिस्तान का पहला विकेट कब गिरेगा? स्थानीय युवाओं का कहना है कि 15 फरवरी का दिन उनके लिए बेहद खास है. सुबह जहां शिवालयों में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक होगा. वहीं शाम होते ही टीवी स्क्रीन पर क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर होगा. कई युवाओं ने तो दोस्तों के साथ मैच देखने के लिए बड़े स्क्रीन और विशेष खान-पान की तैयारी अभी से पूरी कर ली है.
स्थानीय खेल प्रेमी धीरज कुमार का मानना है कि इस बार मुकाबला ऐतिहासिक होने वाला है. उन्होंने भारतीय टीम के मौजूदा फॉर्म को शानदार बताया. समस्तीपुर के युवाओं में विशेष रूप से ईशान किशन को लेकर गर्व और उम्मीदें हैं. धीरज कहते हैं कि ईशान बिहार के लाल हैं. जिस तरह की विस्फोटक बल्लेबाजी वो करते हैं, उससे साफ है कि वह अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं. एक ओवर में 28 रन बनाना उनकी काबिलियत को दर्शाता है. युवाओं का मानना है कि भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
सूर्यकुमार और तिलक वर्मा का दिखेगा जलवा
क्रिकेट प्रेमी शिव शक्ति यादव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि 15 फरवरी को भारत की जीत तय है. उन्होंने टीम के संतुलन पर भरोसा जताते हुए कहा कि जब हमारे पास सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा जैसे धुरंधर हों, तो चौकों-छक्कों की बरसात होना स्वाभाविक है. वहीं शिवम यादव ने 100 प्रतिशत भरोसे के साथ भविष्यवाणी की है कि इस बार इंडिया ही जीतेगा. युवाओं का कहना है कि यह मैच सिर्फ हार-जीत का नहीं, बल्कि देश के सम्मान से जुड़ा है. इसलिए टीम इंडिया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी.
सोशल मीडिया पर छिड़ी भविष्यवाणी की जंग
मैच से दो दिन पहले ही समस्तीपुर के डिजिटल स्पेस और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर युवाओं ने अपनी-अपनी भविष्यवाणियां साझा करनी शुरू कर दी हैं. कोई स्कोर प्रेडिक्ट कर रहा है, तो कोई ‘मैन ऑफ द मैच’ के नाम पर बहस कर रहा है. मोहल्लों में सामूहिक रूप से मैच देखने के लिए प्रोजेक्टर की व्यवस्था की जा रही है. युवाओं का कहना है कि वे मैच का एक भी पल मिस नहीं करना चाहते, इसलिए टीवी सेट से लेकर इंटरनेट कनेक्शन तक सब कुछ पहले ही दुरुस्त कर लिया गया है. समस्तीपुर में क्रिकेट का रंग चटख हो चुका है. अब सबकी निगाहें 15 फरवरी पर टिकी हैं. जब मैदान पर बल्ले और गेंद के बीच जंग होगी और स्टैंड्स में बैठा हर भारतीय जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा के नारे लगाएगा.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.