Suresh Raina back Sanju Samson: मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना ने संजू सैमसन पर भरोसा जताते हुए कहा है कि वह सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शतक जड़ सकते हैं. रैना इस टूर्नामेंट में सेंचुरी बनाने वाले भारत के पहले और इकलौते क्रिकेटर हैं. उन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 101 रन की पारी खेली थी.
सैमसन कर सकते हैं 16 साल पुराना सूखा खत्म
T20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से अब तक सिर्फ सुरेश रैना ही शतक लगा पाए हैं. अब रैना को लगता है कि संजू सैमसन 16 साल का इंतजार खत्म कर सकते हैं और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं. 31 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम का हिस्सा हैं. अब तक संजू सैमसन ने भारत के लिए 55 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और इनमें तीन शतक लगाए हैं. रैना का मानना है कि संजू में यह काबिलियत है कि वह इस खास रिकॉर्ड में शामिल हो सकते हैं.

संजू सैमसन
जब रैना से पूछा गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ओर से कौन शतक लगा सकता है, तो उन्होंने कहा, ‘संजू सैमसन उस लिस्ट में आ सकते हैं. वह ओपनिंग करते हैं और उनमें शतक लगाने की क्षमता है. उन्होंने पहले भी साउथ अफ्रीका में शतक लगाए हैं. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन भी विकल्प हैं, लेकिन मुझे लगता है कि इस वर्ल्ड कप में संजू शतक लगाएंगे.’

संजू सैमसन को लेकर रैना की भविष्यवाणी.
पिछले साल दिसंबर में संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप टीम में पहली पसंद के विकेटकीपर के तौर पर चुना गया था. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के पहले चार मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. वहीं, ईशान किशन ने बेखौफ बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया है. ऐसे में कुछ लोग संजू को टीम से बाहर करने की मांग कर रहे हैं, खासकर तब जब तिलक वर्मा चयन के लिए उपलब्ध होंगे. लेकिन सुरेश रैना ने संजू का खुलकर समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि संजू एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. रैना ने सूर्यकुमार यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि 2025 में सूर्यकुमार का फॉर्म खराब था, फिर भी टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा बनाए रखा और अब वह फिर से रन बना रहे हैं.
‘संजू में क्लास है’
रैना ने कहा, ‘फॉर्म हमेशा नहीं रहता, लेकिन क्लास रहती है. संजू में वो क्लास है. उन्होंने सालों से रन बनाए हैं, चाहे भारत के लिए खेलें या नहीं. टी20 क्रिकेट में उनके नाम बहुत रन हैं. सूर्यकुमार यादव को देखिए, वह करीब एक साल तक रन नहीं बना पाए, फिर भी कोच ने उनका साथ नहीं छोड़ा. मेरे हिसाब से संजू के साथ भी वही बात है. अगर उन्हें मौके मिलते रहे, तो वह जरूर अच्छा प्रदर्शन करेंगे.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.