Last Updated:
Sunil Gavaskar Statement on Abhishek Sharma batting: महान भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में अभिषेक शर्मा को डिफेंसिव शॉट खेलते देखकर हैरान रह गए. गावस्कर ने उनकी बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की और कहा कि 55 रन की पारी खेलकर उन्होंने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया. अभिषेक ने 30 गेंदों में 180 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 55 रन बनाए, जिसने भारत को मुकाबला जिताने और सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने में अहम भूमिका निभाई.
अभिषेक शर्मा के डिफेंसिव शॉट्स देखकर हैरान गावस्कर.
गावस्कर ने जियोस्टार पर कहा, ‘हम जानते हैं कि अभिषेक शर्मा कितने अच्छे बल्लेबाज हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की इस पारी से उन्होंने अपने आलोचकों को चुप करा दिया.’ उन्होंने कहा, ‘अभिषेक ने अपना नेचुरल खेल खेलने से पहले थोड़ा वक्त लिया. उनकी बल्लेबाजी में एक तरीका था. उन्होंने ऑफ स्पिनर का सम्मान किया, कोई रिस्क नहीं लिया और शांत तरीके से खेले.’
अभिषेक शर्मा के डिफेंसिव शॉट्स देखकर हैरान गावस्कर.
गावस्कर ने कहा, ‘इस मैच में उन्होंने सच में डिफेंसिव शॉट खेले. उन्होंने कुछ गेंदें रोकी भी. मुझे यह देखकर हैरानी हुई क्योंकि आमतौर पर अभिषेक ऐसा नहीं करते.’ इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि अभिषेक के लिए यह सीखने का समय है. गावस्कर ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि यह उसके लिए सीखने का अच्छा मौका है. हर क्रिकेटर लगातार दो मैचों में रन न बना पाने के दौर से गुजरता है. बात बस इतनी है कि आप इससे कितना सीखते हैं. मुझे लगता है कि अभिषेक ने बहुत कुछ सीखा है और यह उसके लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अहम मैच में अच्छा साबित होगा.’
‘हार से लिया सबक’
गावस्कर ने कहा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार के बाद भारतीय टीम ने जल्दी सबक लिया और दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन बनाने के लिए संजू सैमसन को टॉप ऑर्डर में वापस लाया. उन्होंने कहा, ‘कहते हैं कि जब तक कोई चीज खराब न हो तो उसे ठीक करने की जरूरत नहीं है. लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत बुरी तरह हार गया था. इससे उन्हें समझ आया कि टॉप ऑर्डर में दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन जरूरी है. पिछले मैच से सीखना बहुत जरूरी था.’
हार्दिक पंड्या बने प्लेयर ऑफ द मैच.
टीम इंडिया को किया सतर्क
गावस्कर ने कहा कि रविवार को कोलकाता में होने वाले नॉकआउट जैसे मुकाबले में भारत को वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी से सावधान रहना होगा. उन्होंने कहा, ‘वेस्टइंडीज अलग तरह की चुनौती है. उन्हें हल्के में नहीं ले सकते. उनके बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं. उनके गेंदबाज भी अच्छा कर रहे हैं. वे विरोधी टीम की गलतियों का फायदा उठाते हैं और सही वक्त पर विकेट लेते हैं. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों से निपटने के लिए भारत को अच्छी रणनीति बनानी होगी.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.