Last Updated:
Suryakumar Yadav made phone call to Ishan Kishan: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन ने खिताबी जीत के बाद अपनी वापसी की कहानी शेयर की. टी20 विश्व कप से पहले ईशान किशन टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने दमदार प्रदर्शन के बाद फिर से नेशनल टीम में वापकी की.
ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या
बता दें कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जब भारत की टी20 विश्व कप टीम में जगह की पुष्टि करने के लिए ईशान किशन को फोन किया था तो उनके पास इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज से पूछने के लिए बस एक ही सवाल था कि क्या वह ‘विश्व कप जिताएगा?’ ईशान ने इसका जवाब एक सवाल से देते हुए सूर्यकुमार को कहा, ‘‘भरोसा करोगे?’’ यह छोटी सी बातचीत सूर्यकुमार के ‘हां’ में जवाब देने के साथ खत्म हुई और ईशान ने टूर्नामेंट में 241 रन बनाए जिसमें रविवार को यहां फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतक भी शामिल है.
भारत ने 96 रनों से जीता खिताबी मुकाबला
रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत की खिताबी जीत के बाद मुस्कुराते हुए ईशान ने कहा, ‘‘सूर्या भाई ने मुझे तब फोन किया जब टीम घोषित होने वाली थी. मैंने स्क्रीनशॉट भी ले लिया क्योंकि मुझे लग रहा था कि उन्होंने विश्व कप टीम के बारे में फोन किया है. उन्होंने मेरे से सीधे पूछा, ‘विश्व कप जिताएगा?’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे पूछा, ‘भरोसा करोगे?’ उन्होंने कहा ‘हां’ और बस इतनी ही बात हुई.’’ हालांकि फाइनल से पहले की रात झारखंड के लिए खेलने वाले बिहार के इस खिलाड़ी के लिए आसान नहीं थी. वह एक बहुत बड़ी निजी त्रासदी से जूझ रहे थे.
ईशान ने बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले ही एक दुर्घटना में अपनी रिश्ते की बहन की मौत के बारे में पता चला था. यह एक ऐसी खबर थी जो टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले से पहले उनके दिमाग में बार-बार आ रही थी. भावनात्मक उथल-पुथल के बारे में बात करते हुए ईशान ने कहा कि उन्होंने अपनी उथल-पुथल भरी भावनाओं को एकाग्र बल्लेबाजी में बदलने का फैसला किया.
फाइनल से पहले ईशान की चचेरी बहन की हुई थी मौत
ईशान ने कहा, ‘‘सच कहूं तो मैच से पहले मैं इस संबंध में बात करने के बारे में नहीं सोच रहा था लेकिन मैं कहूंगा. मेरी रिश्ते की बहन की कार दुर्घटना में मौत हो गई और मुझे कुछ दिन पहले इसके बारे में पता चला. वह हमेशा चाहती थी कि मैं काफी रन बनाऊं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘कल मैं अच्छा महसूस नहीं कर रहा था लेकिन आज एक बड़ा दिन था इसलिए अपनी भावनाओं को मैच से ऊपर रखने के बजाय मैंने सोचा कि सबसे अच्छी चीज जो मैं कर सकता हूं वह उसके लिए रन बनाना है.’’
ईशान ने कहा कि अर्धशतक बनाने के बाद उन्हें राहत मिली कि वह अपनी दिवंगत बहन के लिए यह कर पाए. उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने अर्धशतक बनाने के बाद ऊपर देखा तो वह उसके लिए था. मुझे बहुत गर्व है कि हम आज जीते. मुझे उसके परिवार के लिए दुख हो रहा है लेकिन मेरे करीबी दोस्त उनका ख्याल रखने के लिए वहां हैं.’’
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.