Last Updated:
PAK vs NZ Match Abandoned: कोलंबो में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का बहुप्रतीक्षित मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. टॉस जीतकर पाकिस्तान ने बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन भारी बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. टॉस होने के लगभग दो घंटे के इंतजार के बाद अंपायरों ने मैच रद्द घोषित कर दिया, जिससे दोनों टीमों को 1-1 अंक साझा करना पड़ा. इस रिजल्ट ने ग्रुप-2 के समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है. जहां न्यूजीलैंड के लिए यह राहत की खबर है, वहीं पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह अब कठिन हो गई है. इसका सीधा फायदा श्रीलंका और इंग्लैंड को मिल सकता है.
पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड सुपर 8 मैच बारिश की वजह से नहीं खेला जा सका.
सुपर 8 के ग्रुप-2 के इस पहले मुकाबले में टॉस का सिक्का उछला और किस्मत पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के पक्ष में रही. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन जैसे ही खिलाड़ी मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, रिमझिम बारिश शुरू हो गई. अंपायरों ने खेल शुरू करने के लिए लगभग दो घंटे से अधिक समय तक इंतजार किया. बीच में एक समय लगा कि बारिश रुक जाएगी और कम से कम 5-5 ओवरों का मैच संभव हो पाएगा, लेकिन कोलंबो के आसमान ने कोई रहम नहीं दिखाया. अंततः, भारतीय समयानुसार रात करीब 9:15 बजे मैच को रद्द घोषित कर दिया गया.
पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड सुपर 8 मैच बारिश की वजह से नहीं खेला जा सका.
किसे मिला क्या?
आईसीसी के नियमों के मुताबिक सुपर 8 में कोई रिजर्व डे (Reserve Day) नहीं होता. मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिया गया. अब ग्रुप-2 की अंक तालिका में दोनों टीमों के पास 1 मैच में 1 अंक है.
किस टीम को हुआ फायदा?
इस ग्रुप में श्रीलंका और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमें भी शामिल हैं. पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच अंक बंटने से इन दोनों टीमों को यह फायदा हुआ कि कोई भी एक टीम शुरुआती बढ़त (2 अंक) लेकर शीर्ष पर नहीं पहुंच पाई. अब अगर श्रीलंका या इंग्लैंड अपना अगला मैच जीतते हैं, तो वे सीधे टॉप पर पहुंच जाएंगे और पाकिस्तान-न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ देंगे.
न्यूजीलैंड के लिए ‘नुकसान’ जैसा फायदा
न्यूजीलैंड को अक्सर श्रीलंका की टर्निंग पिचों पर संघर्ष करते देखा गया है. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ मैच धुलना उनके लिए एक तरह से राहत भी है कि उन्होंने अंक नहीं गंवाया. हालांकि, अब उनके अगले मैच इंग्लैंड और मेजबान श्रीलंका से हैं, जो काफी चुनौतीपूर्ण होंगे.
पाकिस्तान की चुनौती बढ़ी
पाकिस्तान के लिए यह मैच जीतना सेमीफाइनल की राह आसान करने का सबसे बड़ा मौका था. अब उन्हें अपने अगले दो मैचों में से कम से कम एक बड़े अंतर से जीतना होगा और दूसरे में भी जीत या नेट रन रेट (NRR) का सहारा लेना पड़ सकता है. पाकिस्तान का अगला मुकाबला इंग्लैंड से है, जो उनके लिए ‘करो या मरो’ जैसा हो सकता है. पाकिस्तान अब 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगा, जबकि न्यूजीलैंड का सामना 25 फरवरी को श्रीलंका से होगा.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.