Virat Kohli Records in Indore ODI: विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में रविवार को खेले गए तीसरे और निर्णायक मुकाबले में शानदार शतक लगाया. विराट के इंटरनेशनल करियर का यह 85वां शतक था, जबकि वनडे फॉर्मेट का 54वां शतक था. इस शतक के साथ कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा. साथ ही विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर का भी एक रिकॉर्ड ध्वस्त किया.
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा
दरअसल, इंदौर दुनिया का 35वां मैदान बना, जिस पर विराट ने शतक लगाया. इस मामले में विराट ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा. तेंदुलकर ने 34 अलग-अलग स्टेडियमों में शतक लगाए थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट मिलाकर विराट का यह 10वां शतक था और इस शतक के साथ ही वह इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली ने जैक्स कैलिस, जो रूट और तेंदुलकर को पीछे छोड़ा. तीनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9-9 शतक लगाए हैं.
सबसे ज्यादा अलग-अलग मैदानों पर शतक
35 – विराट कोहली*
34 – सचिन तेंदुलकर
26 – रोहित शर्मा
21 – रिकी पोंटिंग
21 – हाशिम अमला
21 – एबी डिविलियर्स
पोंटिंग-सहवाग का महारिकॉर्ड भी ध्वस्त
विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सातवां वनडे शतक था. विराट कोहली वनडे में इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में कोहली ने सहवाग और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा. सहवाग और पोंटिंग ने वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 शतक लगाए हैं. विराट कोहली के पास शुरुआती दो मुकाबलों में भी यह कारनामा करने का मौका था, लेकिन पहले वनडे में वह सात रन से चूक गए थे, जबकि दूसरे वनडे में कोहली सस्ते में आउट हुए.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक
7 – विराट कोहली (36 पारी)
6 – रिकी पोंटिंग (50 पारी)
6 – वीरेंद्र सहवाग (23 पारी)
5 – सचिन तेंदुलकर (41 पारी)
5 – सनथ जयसूर्या (45 पारी)
सिर्फ नौवीं बार हुआ ऐसा
विराट कोहली को चेज मास्टर माना जाता है. उनकी हर बड़ी पारी भारत की जीत की गारंटी मानी जाती है, लेकिन कई बार विराट की शतकीय पारियां भी भारत की जीत के लिए पर्याप्त नहीं हो सकी हैं. इंदौर में आया शतक विराट का ऐसा नौवां शतक था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा. इस लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं. उनके 14 शतक भारत की जीत के काम नहीं आ सके हैं.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.