Shubman Gill: आज से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) की शुरुआत हो रही है। शुभमन गिल इस साल भी लगातार तीसरे सीजन के लिए गुजरात टाइटन्स (GT) की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं। इससे पहले गिल ने एक बड़ा इंवेस्टमेंट किया है। उन्होंने मुंबई के जुहू में करोड़ों रुपये का एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीद लिया है।
रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म जैपकी द्वारा एक्सेस किए गए लेनदेन और रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स की माने तो, क्रिकेटर शुभमन गिल ने मुंबई के जुहू में निर्माणाधीन 3,369 वर्ग फुट का एक आलीशान अपार्टमेंट खरीद लिया है।
शुभमन गिल का मुंबई में नया आशियाना
सामने आई जानकारी की माने तो, युवा क्रिकेटर ने ये लग्जरी अपार्टमेंट 20.7 करोड़ रुपये में खरीदा है। यह अपार्टमेंट जुहू-तारा रोड पर बन रही पूजा लुमिनेयर परियोजना की 12वीं मंजिल पर स्थित है।
शुभमन गिल ने इस लेनदेन के लिए 1.24 करोड़ रुपये की स्टांप शुल्क का भुगतान कर दिया है। प्रति वर्ग फुट की प्रभावी दर 61,442 रुपये है, जो इस क्षेत्र में बन रही आगामी परियोजनाओं के समान है। बता दें कि ये पूरा एरिया शहर के अरबपतियों के लिए उनका पसंदीदा लग्जरी हाउसिंग डेस्टिनेशन बनता जा रहा है जिनमें व्यापार, मनोरंजन और खेल जगत की हस्तियां शामिल हैं।
जैकी भगनानी से खरीदा शुभमन गिल ने अपार्टमेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुभमन गिल ने यह अपार्टमेंट फिल्म निर्माता और डेवलपर वाशु भगनानी और उनकी पत्नी पूजा, बेटे जैकी भगनानी द्वारा संचालित रियल एस्टेट फर्म पूजा लीजर एंड लाइफस्टाइल से खरीदा है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में 16 मंजिला लुमिनेयर परियोजना का शुभारंभ किया था, जिसका निर्माण 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।
इस बीच, बात करें आईपीएल 2026 की तो इसका आगाज आज 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाला है जब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगे। यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
Discover more from CRICKET NEWS
Subscribe to get the latest posts sent to your email.